जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म होने के मुद्दे पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) कैंपस में एक छात्र के भाषण का वीडियो वायरल हो गया है, जो चर्चा का विषय बना है। वीडियो में छात्र ने ‘जब तक आखिरी कश्मीरी जिंदा है अपने हक की लड़ाई लड़ता रहेगा’ की बात कही है।
एएमयू कैंटीन में एकत्र कश्मीरी छात्रों में से कई छात्रों ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के खात्मे पर अपनी बातें रखीं। एक छात्र ने कहा कि जो शख्स तिरंगा फहराता रहा, उसे (फारूक अब्दुल्ला) नजरबंद कर दिया गया। अलोकतांत्रिक तरीके से अनुच्छेद 370 खत्म किया गया है। अब ऐसी सूरत में करीब आने की बात कही जा रही है, जो मुमकिन नहीं है कि हम उनके करीब आएं।
छात्र ने कहा कि 70 साल से कश्मीरियों ने अपने हक की लड़ाई लड़ी है और लड़ता रहेगा, जब तक आखिरी कश्मीरी जिंदा है। कश्मीरियों की शिनाख्त खत्म कर दी गई है। ऐसे हालात में वरिष्ठ छात्र साथियों से संपर्क करने की जरूरत है।
उधर, एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी उमर पीरजादा ने कहा कि यह जरूर है कि कश्मीरी छात्र एकत्र हुए थे, लेकिन ऐसे वीडियो के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
अधिकारी ने कहा, कानून के विरुद्ध गतिविधि में संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अलबत्ता, लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात कहने का सबको अधिकार है।