प्रदेश के चीनी मिल एवं गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद अब कोई भी भारतीय वहां जाकर अपनी जमीन खरीद सकता है। कारोबार कर सकता है। इसमें कोई बंधन नहीं है। अब अलीगढ़ के मुसलमान भी वहां कारोबार कर सकें गे।
जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा गुरुवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब हो रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के करिश्माई नेतृत्व में ही ऐसा संभव है। आजादी के बाद भारतीय इतिहास में इतनी दृढ़ सरकार कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि वहां मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं पहली बार बंद नहीं हुई है।
इससे पहले भी पत्थरबाजों पर काबू करने के लिए ऐसे सख्त कदम उठाए जा चुके हैं। एएमयू छात्रों द्वारा धारा 370 का विरोध करने के सवाल पर बोले एएमयू छात्रों को इस वक्त पूरे देश के साथ होना चाहिए। उनका एकतरफा विरोध जायज नहीं है। केंद्र सरकार को घाटी सहित पूरे जम्मू कश्मीर के युवाओं की खासी चिंता है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास पार्टी का नारा भी है और सिद्धांत भी है।
कांग्रेस ने सदियों तक एक ही नारा चलाया गरीबी हटाओ पर उसने गरीबी हटाई नहीं। सिर्फ अपनी पार्टी की और अपनी पार्टी के नेताओं की गरीबी दूर की। उन्होंने बताया कि सपा बसपा कार्यकाल में बंद हुई चीनी मिलों के सापेक्ष भाजपा सरकार में सात चीनी मिलें चालू हुई।
सबका विश्वास जीतना लक्ष्य : सुरेश राणा
इगलास विधानसभा क्षेत्र में लगने वाले भाजपा के लोधा मंडल के गांव तालसपुर में प्रभारी मंत्री ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। जिसका संचालन महामंत्री गौरव शर्मा ने किया। यह सदस्यता अभियान बूथ नंबर 11 और 12 पर संपन्न हुआ। इस अभियान में मुसलिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। 50 सदस्य बनाते हुए प्रभारी मंत्री ने सक्त्रिस्य सदस्यता की एक किताब को पूर्ण किया। उन्होंने कहा कि हर समुदाय का विश्वास जीतना ही भाजपा का लक्ष्य है। यह बूथ भाजपा की ग्रेडिंग के अनुसार ‘सी’ कैटेगरी बूथ है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव में मिले मतों के अनुसार बूथों को ए, बी और सी कैटेगरी में बांटा है। सी कैटेगरी के बूथ वो हैं जहां पार्टी की सदस्यता सबसे कमजोर है।
सदस्यता अभियान में बूथ अध्यक्ष गुफ रान, अख्तर पहलवान, आमिर रफ ीक, फ ातिमा, मुस्तकीम, नगमा, चंदू प्रधान चंद्रपाल सिंह, देवी राम, रामखिलाड़ी, अनवर खान और असगर अली उपस्थित रहे । सदस्यता अभियान सम्पन्न कराने के बाद प्रभारी मंत्री वापस पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे। जहां पर इगलास विधानसभा के उप चुनाव संबंधित बैठक हुई। जिसमें इगलास भाजपा यूनिट के सभी मंडल अध्यक्ष, जिले के पदाधिकारी, सभी विधायक उपस्थित रहे। बैठक में इगलास विधानसभा के उपचुनाव की पूरी रूपरेखा से अवगत कराया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि उपचुनाव में जीत के लिए हर स्तर पर तैयारी शुरू कर दें। इस दौरान जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, शहर विधायक संजीव राजा, बरौली विधायक ठा.दलवीर सिंह, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, गौरव शर्मा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, शिवराज सिंह, हेमंत राजपूत, अनुवाद, सुनील पांडेय, हरेंद्र सिंह, डॉ निशित शर्मा, नत्थी सिंह, उमेश कुमारी, विक्रम सिंह हिंडोल, राकेश सिंह, देवराज सिंह, सत्या सिंह, राजकुमार सहयोगी, भूपेश बघेल आदि उपस्थित रहे ।
सुषमा के निधन पर शोक
पीडब्ल्यूडी में हुई बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर उनको श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए 2 मिनट का मौन रखा। सभी पदाधिकारी एवं विधायकों ने केंद्रीय मंत्री को भावभीनी श्रृद्धांजलि दी।