क्षेत्र के गांव महरावल में बृहस्पतिवार सुबह प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्यक्त कर हंगामा कर दिया। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर अवशेष के नमूने लेकर उन्हे गड्ढे में दबा दिया।
गांव महरावल में सुबह करीब 9:00 बजे लोगों को प्रतिबंधित पशु अवशेष दिखाई दिए, तो वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रतिबंधित पशु अवशेष फेंके जाने पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया और अवशेषों को जेसीबी की मदद से गड्ढा कर मिट्टी में दबा दिया गया। थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि अवशेष के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मौके पर विवेक कुमार, राधे तनु महाराज, हीरा लाल, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।