यूपी बोर्ड 12वीं का अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद अलीगढ़ पुलिस भी हरकत में आ गई। देर शाम तक चली खोज में किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, इंस्टा आदि प्लेटफार्म पर पेपर शेयरिंग, अपलोडिंग प्रकाश में नहीं आई। वहीं एसटीएफ की टीमों ने अलीगढ़ में पुराने उन गैंगों को रडार पर ले लिया है, जो विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक में शामिल रहे हैं।
ये जगजाहिर है कि नकल कराने से लेकर पेपर लीक कराने और सॉल्वर गैंग आदि संचालित करने में अलीगढ़ के गोंडा, टप्पल, खैर व अतरौली क्षेत्र में कुछ गैंग सक्रिय रहते हैं। यहां टीईटी पेपर लीक के अलावा दरोगा भरती परीक्षा में सॉल्वर गैंग का इनपुट पाया गया। एसटीएफ ने यहां ऐसे गैंगों पर कार्रवाई की।
इधर, बुधवार को जो पेपर बलिया से लीक हुआ है। उसी कोड नंबर का पेपर अलीगढ़ में भी बंटना था। इसलिए अलीगढ़ पर विशेष नजर रखी जा रही है। यहां के तमाम सोशल मीडिया एकाउंट पर पुलिस की नजर है। वहीं इलाका पुलिस के अलावा एसटीएफ ने पुराने गैंगों को रडार पर ले लिया है। इसके अलावा नकल कराने को लेकर बदनाम अतरौली बोर्ड पर भी नजर रखी जा रही है। कुछ कॉलेजों के प्रबंधकों को रडार पर लेकर उनकी निगरानी रखी जा रही है। उनके विषय में पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है। एसटीएफ की आगरा यूनिट ने अलीगढ़ में अपने संपर्कों पर काम शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारी इतना ही कहते हैं कि हर तरह से निगरानी रखी जा रही है। किसी तरह की जानकारी आने पर कार्रवाई की जाएगी।