रूबी आसिफ खान ने मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन
- फोटो : अमर उजाला
गणेश प्रतिमा घर पर स्थापित कर सात दिनों तक पूजा करने के बाद कट्टरपंथी मौलानाओं के निशाने पर आई भाजपा नेता रूबी आसिफ खान ने अनोखे ढंग से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर खून से तिलक किया। इसके बाद अन्य मुस्लिम महिलाओं के साथ केक काटकर पीएम के दीर्घायु होने की कामना की। इस बारे में रूबी ने एक वीडियो भी जारी किया।
भाजपा महिला मोर्चा के जयगंज मंडल की उपाध्यक्ष रूबी आसिफ खान ने बताया कि उनके घर पर हुए इस आयोजन के दौरान उनके साथ कई अन्य मुस्लिम महिलाएं भी थीं। इसके बाद रूबी ने अपना अंगूठा चीरकर रक्त से पीएम मोदी की तस्वीर को तिलक लगाया। सभी महिलाओं के साथ केक काटा और प्रधानमंत्री की लंबी आयु के लिए दुआ की।
रूबी खान ने कहा कि पीएम मोदी हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने देश को जोड़ने का काम किया है। उनके जैसा प्रधानमंत्री अब तक नहीं हुआ जिसने हिंदुओं और मुसलमानों के बीच भाईचारा बढ़ाने के लिए इतने प्रयास किए हों। उनको लंबी उम्र मिले ताकि इसी तरह देश में शांति और आपसी सौहार्द बढ़ाते रहें। रूबी खान ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी उन्होंने इसी तरह चित्र में उनके माथे पर खून से तिलक लगाकर मनाया था।
कट्टरपंथियों के निशाने पर होने के बावजूद पुख्ता सुरक्षा नहीं
पिछले दिनों सात दिनों तक गणेश प्रतिमा अपने घर पर स्थापित करने के बाद रूबी खान अन्य मुस्लिम महिलाओं के साथ मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा घाट गईं थीं। इसके बाद उनके खिलाफ फतवे जारी किए गए। उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली।
रूबी खान ने बताया कि कट्टरपंथियों ने उनके खिलाफ मस्जिद में पर्चे भी बांटे गए। कट्टरपंथियों ने उनके खिलाफ तरह-तरह के आपत्तिजनक बयान जारी किए। यहां तक कह दिया कि रूबी खान मुस्लिम नहीं हो सकती क्योंकि इसने अपने घर में मूर्ति रख ली। इस अलावा उनको इस्लाम से खारिज करने की मांग भी की गई। आपसी भाईचारा बढ़ाने वाली उनकी कोशिशों के कारण पूर्व में भी उन्हें निशाने पर रखा गया। करीब आठ महीने पहले हत्या करने की नीयत से उन पर फायरिंग की गई। इसके बावजूद प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। इस बारे में वे मुख्यमंत्री योगी तक से गुहार लगा चुकी हैं। फायरिंग के बाद मिले सुरक्षाकर्मी दो दिन बाद ही हटा लिए गए। मूर्ति विसर्जन करने जाने के लिए भी केवल तीन घंटे के लिए पुलिस सुरक्षा मिली थी। रूबी कहती हैं कि उनको अपनी चिंता नहीं, परंतु बच्चों को लेकर डर लगता है।