क्षेत्र में अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक घायल हुआ है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अलीगढ़ शहर के आईटीआई रोड निवासी अदनान (25) पुत्र अकबर बुधवार की शाम अपने दोस्त तलहा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पिलखाना-छर्रा रोड पर गांव सिकंदरपुर के पास शाम करीब सात बजे पीछे से ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अदनान की मौके पर मौत हो गई। तलहा गंभीर रूप से घायल है। मृतक भाई रिहान ने बताया अदनान पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे।
वहीं गांव दुभिया बंजारा निवासी हवलदार (30) पुत्र विक्रम सिंह बुधवार की रात कासगंज जनपद के थाना ढोलना के गांव खिचौरा में रिश्तेदार के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के बाद लौटने के लिए खिचौरा गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। रात करीब 8:30 बजे अज्ञात वाहन उन्हें रौंदकर निकल गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
खबर पाकर पहुंचे परिजन शव को गांव दुभिया ले आए। सूचना पर पहुंची अकराबाद थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वह अपने पीछे पत्नी सर्वेश देवी सहित बच्चों नित्या, निव्या, कुशवंत व छायन को रोता छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रावल ने बताया कि मृतकों के परिजन से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।