जिला पुलिस पिछले वर्ष तक की 3500 विवेचनाओं का निस्तारण नहीं कर सकी है और इन मुकदमों से संबंधित लोग थानों से लेकर अधिकारियों तक के चक्कर लगा रहे हैं। अब इन विवेचनाओं के निस्तारण के लिए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पहल की है। इसी क्रम में जिले में शनिवार और रविवार को दो दिन विवेचना दिवस मनाया जा रहा है। प्रयास है कि इन दो दिन के साथ-साथ सप्ताह भर में ज्यादा से ज्यादा विवेचनाएं निपटा ली जाएं।
एसएसपी ने आदेश दिए हैं कि जिन थानों में लंबित विवेचना 3 प्रतिशत से ज्यादा/150 से अधिक हैं, वहां पर फोकस करें। विवेचनाओं में अनावश्यक एफआर न लगा कर मेडिकल रिपोर्ट, विधि विज्ञान प्रयोगशाला से रिपोर्ट, विधिक राय आदि प्राप्त कर ही निस्तारित करें। शनिवार और रविवार को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक विवेचना दिवस मनाया जाए।
इस दौरान इंस्पेक्टर व सीओ विवेचकों को एक साथ बैठाकर विचार विमर्श से 7 साल से कम सजा वाले मुकदमे निस्तारित कराएं। लंबित मुकदमे भी लिखा पढ़ी कराकर पूरे कराए जाएं। उन्होंने कहा है कि वे खुद सीसीटीएनएस के जरिये समीक्षा करेंगे कि किस थाने द्वारा कितनी चार्जशीट और कितनी अंतिम रिपोर्ट लगाई गई हैं। फर्जी नामजदगी के मामलों में भी तत्काल निस्तारण किया जाए। बेवजह किसी को प्रताड़ित न किया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ स्तर के अधिकारी मॉनीटरिंग करेंगे।
समीक्षा में ये स्थिति और निर्देश
- कुछ दरोगाओं के पास 40 से अधिक विवेचनाएं हैं, जबकि उसी थाने कुछ दरोगाओं पर मात्र एक विवेचना।
- बहुत से दरोगा थाने से तबादले पर भी पूर्व में नियुक्त रहे थाने की अभी भी विवेचना कर रहे हैं।
- सभी थानों पर नए दरोगा भेजे गए हैं, जिसके पास अधिक विवेचना हैं, उसकी आधी दूसरों को दें।
- जो दरोगा संबंधित थाने पर तैनात नहीं हैं, उनकी विवेचनाएं शीघ्र किसी अन्य को देकर निस्तारित कराएं।
- यह प्रक्रिया 2 दिन के अंदर क्षेत्राधिकारी स्तर से सुनिश्चित की जाए। सोमवार को समीक्षा में देखा जाएगा।
- सभी थानों ने अपनी विवेचनाओं का सही अनुपात में वितरण किया है। यह भी देख लिया जाए।
पहले दिन निपटीं 250 विवेचना
अभियान के पहले दिन शनिवार शाम तक 250 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया है। इनमें से 200 को सही पाते हुए चार्जशीट तैयार कर न्यायालय के लिए भेजना तय किया गया है और 50 को गलत पाते हुए उनमें अंतिम रिपोर्ट तैयार की गई है।
जारी आंकड़ों के अनुसार कोतवाली, अतरौली, हरदुआगंज, दादों व खैर में 10-10 से अधिक व क्वार्सी में सर्वाधिक 25 विवेचनाएं निस्तारित की गई हैं। एसएसपी ने अभियान की सफलता को देखते हुए रविवार को अलग से कंप्यूटर ऑपरेटर लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि ऑनलाइन विवेचना निस्तारण में आसानी हो सके।
ये है विवेचनाओं का हाल
- 500 विवेचनाएं अकेले क्वार्सी थाने में हैं लंबित।
- 200-200 विवेचनाएं बन्नादेवी और गांधीपार्क में।
- 50 तक विवेचना लंबित वाले कई थाने जिले में।
- 50 विवेचना वाले थाने में इन 2 दिन में निपटेंगी।
- पुलिस पर ये बड़ा बोझ है और इनसे जुड़े पीड़ित भी पुलिस के चक्कर लगाते हैं। इनके निस्तारण के लिए अभियान शुरू कराया है। क्वार्सी, बन्नादेवी व गांधीपार्क का लक्ष्य बढ़ा है। उनके कोतवालों को चेतावनी दी गई है और वहां सीओ को भी लगाया गया है। दो दिन विवेचना दिवस और फिर सप्ताह पर निस्तारण अभियान चलेगा। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी