दीपक मोबाइल ठीक कराकर बाइक से पीएसी वाहिनी लौट रहे थे, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर गिरे। पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू की। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। ट्रक और चालक की तलाश जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अलीगढ़ के महुआ खेड़ा क्षेत्र में ओजोन सिटी रोड पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 45वीं वाहिनी पीएसी के आरक्षी दीपक (27) को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वह क्वार्सी से मोबाइल ठीक कराकर कैंप लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
विज्ञापन
बुलंदशहर के आहार थाना क्षेत्र के चरौरा गांव निवासी दीपक पुत्र श्यामपाल सिंह बौरना स्थित 45वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे। परिवार में पत्नी और एक बेटा है। शुक्रवार को मोबाइल खराब होने पर वह उसे ठीक कराने क्वार्सी क्षेत्र की एक दुकान पर गए थे। रात में मोबाइल ठीक कराने के बाद बाइक से पीएसी वाहिनी लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक ओजोन सिटी रोड पर पहुंचते ही पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में 45वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारी और दीपक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
विज्ञापन
जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ धनंजय कुमार के मुताबिक पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।