न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महाशिवरात्रि को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति एवं कानून व्यवस्था आदि को लेकर बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था के चलते कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी मुनिराज जी ने बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई करें। अराजक तत्वों को चिन्हित किया जाए। थानावार पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। शहर में नगर निगम, देहात में जिला पंचायत राज विभाग व नगर निकाय में ईओ बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था करें। सभी मंदिरों व सड़कों पर स्ट्रीट लाइट सही की जाएं। जयगंज में शोभायात्रा के मार्ग पर गड्ढों को तत्काल ठीक कराया जाए। विद्युत विभाग जर्जर तारों को तत्काल बदले, आपूर्ति सुचारु रखे। पीडब्ल्यूडी रामघाट रोड व खेरेश्वर धाम क्षेत्र में सड़क की मरम्मत कराए। ट्रैफिक पुलिस रूट डायवर्ट करे। शिविरों को सड़क से दूर लगाया जाए।
नगर निगम को निर्देश दिए गए कि रामघाट रोड से लेकर खेरेश्वर महादेव मंदिर, निकटवर्ती स्थानों जैसे सासनी, हाथरस, इगलास, मथुरा आदि को जाने वाले कांवड़ियों के लिए रामघाट रोड से ही स्थान संकेतक बोर्ड लगाए। मार्ग में कोई भ्रम न हो। स्वास्थ्य विभाग भी आपात स्थिति में तैयार रहे। एसएसपी मुनिराज जी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर सभी मंदिरों पर महिला सिपाही भी तैनात रहेंगी। बैठक में सीडीओ अनुनय झा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, शिव मंदिरों के पुजारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।
शराब, बीयर, भांग की दुकानें शाम के समय रहेंगी बंद
महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्ग और मंदिरों के आसपास स्थित शराब, बीयर, भांग की दुकानों को शाम के समय बंद रखा जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी धीरज शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह यह नियम इस साल भी लागू रहेगा। शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक दुकानों को बंद कराया जाएगा।