हेलमेट न पहनने वालों को फूल देते एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ चतुवेदी।
- फोटो : CITY OFFICE
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ने सोमवार को टीम के साथ शहर की सड़कों पर उतरकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। गांधीगीरी के अंदाज में हेलमेट-सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाने वालों को फूल भेंट किए। वहीं, जो लोग यातायात नियमों का पालन कर वाहन चला रहे थे उनको प्रेरणास्त्रोत बताते हुए फूलों की माला पहनाकर सम्मामित किया गया। आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन, एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ चतुर्वेदी, यातायात निरीक्षक काली प्रसाद गौर ने शहर के सूतमिल, तस्वीर महल, सुभाष चौक पर चेकिंग अभियान चलाया। यहां फरीदउद्दीन ने वाहन चालकों से अपील की कि वह हेलमेट और सीट बेल्ट के बिना प्रयोग किए वाहन न चलाएं। इसके साथ ही उनको फूल भी भेंट किए गए।
बच्चों को भी हेलमेट लगाना अनिवार्य
एआरटीओ अमिताभ ने वाहन चालकों को जागरूक कर कहा कि वह यातायात नियमों के तहत बच्चों को भी हेलमेट लगाएं। खासतौर पर उन्होंने स्कूली बच्चों को लेकर जाते अभिभावकों से बच्चों को हेलमेट पहनाकर ही वाहन पर साथ लेकर चलने की अपील की।
गांधीगीरी से नहीं माने तो कटेगा चालान
आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का काम नियमों का पालन कराना है न कि उनके चालान काटने में रुचि दिखाना। आगर, लोग जागरूक नहीं होंगे तो मजबूरन चालान काटने की कार्रवाई करनी पड़ेगी।