छठवें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने शनिवार को भारी संख्या में नामांकन किए। पहले दिन चारों पदों के लिए 11732 नामांकन पत्र दाखिल हुए। देर शाम तक यह प्रक्रिया चली। इनमें ब्लॉक कार्यालयों पर प्रधान पद के लिए 5449, ग्राम पंचायत सदस्य पद के 1970 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 3856 नामांकन दाखिल हुए।
वहीं, कलक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत सदस्य पद के 457 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। कोविड नियमों के चलते प्रत्याशी अपने साथ समर्थकों की भीड़ लेकर जुलूस निकालते हुए तो नहीं आए। मगर, नामांकन कक्ष के बाहर कोविड के नियमों की धज्जियां उड़ गईं। प्रशासन ने नामांकन कक्ष में प्रत्याशी व उसके एक प्रस्तावक को ही जाने दिया। पार्टी समर्थित व निर्दलीय उम्मीदवारों ने भारी संख्या में नामांकन किया। हालांकि इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट भी ठप हो गई।
शाम के समय कई ब्लाक कार्यालयों पर इंटरनेट ठप हो गया। इससे फीडिंग कार्य में देरी हुई। दोपहर में लोधा ब्लॉक में यह भी अफवाह उड़ गई कि रविवार को लॉकडाउन के चलते प्रशासन नामांकन नहीं कराया। इस पर प्रत्याशियों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस-प्रशासन ने जैसे-तैसे अफवाह पर विराम लगाया। शांतिपूर्ण तरीके से शनिवार की नामांकन प्रक्रिया समाप्त हुई। अब जिला प्रशासन और पुलिस ने रविवार यानी आज नामांकन प्रक्रिया कराने को कमर कस ली है।
सुबह 9 बजे से ब्लॉक कार्यालयों पर प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार पहुंचे। इधर, जिला मुख्यालय यानी कलक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार पहुंचे। यहां सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रत्याशियों को नामांकन कराया गया। सभी ब्लॉक कार्यालयों की 100 मीटर परिधि को प्रतिबंधित कर दिया गया, इस परिधि में सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही जाने दिया गया।
वहीं, कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग कर प्रत्याशियों की उनके संबंधित वार्ड के लिए बनाए गए नामांकन कक्ष में भेजा गया। सुरक्षा व्यवस्था तो ठीक रही। मगर, कोविड के नियमों का पालन नहीं हो सका। कतार में खड़े प्रत्याशी लाख समझाने के बाद भी उचित दूरी बनाकर खड़े नहीं हुए। इस पर पुलिस प्रशासन ने भी अनदेखी शुरू कर दी।
ब्लाक प्रधान पद के कुल नामांकन आरक्षित अनारक्षित
अकराबाद 240 194 46
अतरौली 492 395 97
बिजौली 376 276 100
धनीपुर 484 336 148
गोंडा 409 365 44
जवां 548 390 158
इगलास 459 429 30
गंगीरी 702 585 117
लोधा 551 303 248
चंडौस 379 262 117
टप्पल 384 288 96
खैर 425 254 171
योग 5449 4077 1372
ब्लाक ग्राम पंचायत सदस्य आरक्षित अनारक्षित
अकराबाद 45 38 07
अतरौली 326 264 62
बिजौली 234 140 94
धनीपुर 97 45 52
गोंडा 111 83 28
जवां 223 107 116
इगलास 50 40 10
गंगीरी 300 240 60
लोधा 138 82 56
चंडौस 131 59 72
टप्पल 231 173 58
खैर 84 41 43
योग 1970 1314 656
ब्लाक क्षेत्र पंचायत सदस्य आरक्षित अनारक्षित
अकराबाद 75 41 34
अतरौली 417 254 163
बिजौली 273 251 22
धनीपुर 269 160 109
गोंडा 310 282 28
जवां 455 313 142
इगलास 350 175 75
गंगीरी 448 304 134
लोधा 324 258 66
चंडौस 301 189 112
टप्पल 330 245 85
खैर 414 241 173
योग 3856 2713 1143
प्रधानी के पद 867 पद, पहले दिन ही 5449 नामांकन
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन ही प्रधानी के 5449 पर्चे दाखिल हुए। इन उम्मीदवारों ने सिर्फ 867 पदों के लिए दम भरा है। जबकि आज भी नामांकन प्रक्रिया होनी बाकी है। पहले दिन के ग्राफ को देखते हुए अधिकारी अंदाजा लगा रहे हैं कि रसूख वाले इस पद के लिए इस बार भी भारी टक्कर होने वाली है। पुलिस-प्रशासन ने इनके चुनाव प्रचार पर निगरानी रखने का प्लान बना लिया।
दरअसल, प्रधानी का चुनाव हमेशा से रसूख वाला रहा है। इस पद के प्रत्याशियों के बीच प्रचार के दौरान कई बार आपसी टकराव और रंजिश की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके चलते प्रशासन व पुलिस के लिए यह चुनाव हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि एलआईयू से लेकर थाना स्तर पर बीट सिपाहियों को सक्रिय किया गया है।
प्रधान समेत सभी पदों के प्रत्याशियों पर निगाह रखी जा रही है। अगर, कोई भी चुनाव प्रचार के दौरान अप्रिय घटना को अंजाम देता है तो उसका नामांकन खारिज कर दिया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
चुनाव प्रचार के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए भी प्रत्याशी तमाम तरह के हथकंडे जैसे शराब, पैसे, खाना, कपड़े बांटने की कोशिश में रहते हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों को सक्रिय करते हुए निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार से कोई भी अवैध कृत्य न हो, इसके लिए लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें।
जिले की स्थिति पर एक नजर
जिले में कुल ग्राम पंचायतों यानी प्रधानी के पदों की संख्या 867
जिले में कुल ग्राम पंचायतों के वार्डों/पदों की संख्या 10973
जिले में जिला पंचायत के वार्डों/पदों की संख्या 47
जिले में क्षेत्र पंचायत वार्डों/पदों की संख्या 1156
जिले में कुल मतदाता 1806460
कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामाकंन करने के लिए उमड़ी भीड़ । सोशल डिस्टेंसिंग निय?- फोटो : CITY OFFICE