गांधी पार्क चौराहे से होकर जाती ई. बस
- फोटो : CITY OFFICE
शहर के मंजूरगढ़ी से छर्रा अड्डा पुल तक रविवार को तीन ई-बसें दौड़नी शुरू हो गईं। हालांकि, मडराक से मेडिकल कॉलेज रूट पर बसें संचालित नहीं की गईं। इस रूट पर पड़ने वाले टोल के भुगतान और उसको व्यवस्थित करने की प्रक्रिया चल रही है।
शहर के दो रूटों खेरेश्वर चौराहे से बौनेर और हरदुआगंज से मेहरावल तक पांच ई-बसों का संचालन तकरीबन एक महीने पहले शुरू हुआ था। एक मार्च से शहर के दो और रूटों पर मडराक से मेडिकल कॉलेज और शिवदान सिंह कॉलेज से हरदुआगंज चौराहे तक ई-बसों का संचालन शुरू किया गया। सभी चार रूटों पर तीन-तीन ई-बसें चल दौड़ रही हैं। लेकिन रविवार को इस व्यवस्था में कुछ बदलाव किया गया। मडराक से मेडिकल कॉलेज के बीच पड़ने वाले टोल के भुगतान और उसको व्यवस्थित करने के लिए बसों का संचालन बंद रखा गया। जबकि इस रूट की तीन बसों को पांचवें रूट मंजूरगढ़ी से छर्रा अड्डा पुल तक दौड़ाया गया।
जल्द मिलेगी समय सारिणी
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मो. परवेज खान ने अमर उजाला द्वारा रविवार के अंक में उठाए गए समय सारिणी के मुद्दे का संज्ञान लिया है। आरएम ने बताया कि ये बसें जनता की सेवा के लिए हैं। उन्हीं की सहूलियत के लिए समय सारिणी तैयार कराई जा रही है। टोल टैक्स व्यवस्था सुचारू होने के बाद मडराक से मेडिकल कॉलेज रूट पर भी बस दौड़ाएंगे।