बसौली में युवती की हत्या के आरोप में पकडे गए मृतका के परिवारीजन।
- फोटो : samvad
गांव बसौली में विधि छात्रा हिमांशी की हत्या के मामले में थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात मृतका के पिता, मामा, तयेरे भाई व एक किशोर को पकड़ा है। किशोर को बाल सुधार गृह भेजा है।
शनिवार की रात कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता अवधेश कुमार, मामा जितेंद्र कुमार, तयेरे भाई अनुराग और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कस्बा निवासी हर्षित वार्ष्णेय की तहरीर पर हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोप है कि प्रेम संबंधों से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर बिना पुलिस को सूचना दिए रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी मोनू कुमार आर्य ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता अवधेश को अदालत के लिए ले जाने के दौरान उन्होंने स्वयं व परिवार को बेकसूर बताते हुए कहा कि बेटी द्वारा स्वयं कमरे में जाकर आत्महत्या की गई, उसे बचाने के प्रयास में उपचार के लिए भी ले जाया गया था। गांव में सभी के समक्ष अंतिम संस्कार किया गया। परिवार पर गलत आरोप लगाए गए हैं, हम निर्दोष हैं।
युवक की शिकायत से खुला मामला
थाना पुलिस ने बताया है कि हर्षित वार्ष्णेय ने एसएसपी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि प्रेम संबंधों के कारण हिमांशी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव जला दिया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर राख से साक्ष्य जुटाए और रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।