कोरोना के चलते लॉकडाउन के दौरान आटा, दाल, सब्जी एवं दूध की कालाबाजारी से नाराज डीएम ने स्टाकिस्ट एवं रिटेलर्स को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कालाबाजारी करने वाले सीधे जेल भेज दिए जाएंगे। उन्होंने प्रशासनिक टीमों को बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे से चेकिंग करने एवं ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए माल जब्त करने के आदेश दिए।
खानपान के स्टाकिस्ट, रिटेलर्स एवं अफसरों की बैठक लेते हुए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्पष्ट कहा कि कोरोना को विश्व महामारी का दर्जा दे दिया गया है। संकट के समय का फायदा उठाकर मुनाफा कमाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले की छह फ़लोर मिल के मालिकों द्वारा गेहूं की कमी की शिकायत को दरकिनार करते हुए कहा कि कहीं भी कोई कमी नहीं है। अगर है तो एफसीआई के जरिये पूरी कर दी जाएगी।
बेवजह जमाखोरी की कोशिश की गई तो गोदामों के ताले तुड़वाकर अनाज पब्लिक में बंटवा दिया जाएगा। उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि वे चेकिंग करें और ओवररेटिंग पाये जाने पर संबंधित विक्रेता का माल जब्त कर लें।