। शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान रामपुर मोड़ पर सरिया मिल के पास एक टेंपो का पुलिस कर्मी चालान काटने लगे। इस पर ग्राम प्रधान की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हो गई। सूचना पर चंडौस कोतवाल फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए और टेंपो को कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार गांव रामपुर शाहपुर से एक टेंपो ओवरलोड सवारियां भरकर कस्बे में आ रहा था। रामपुर रोड पर सरिया मिल के पास वाहन चेकिंग कर रही टीम ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने टेंपो को तेजी से भगाया। पीछा कर टेंपो को रुकवा लिया गया। पुलिस कर्मी टेंपो का चालान कर रहे थे, तभी चालक ने सूचना देकर रामपुर शाहपुर के ग्राम प्रधान चमन अली को बुला लिया। प्रधान सहित अन्य पुलिस कर्मियों से नोकझोंक कर चालान का विरोध करने लगे। सूचना पर कोतवाल रामेंद्र शुक्ला फोर्स सहित पहुंचे और टेंपो को कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया।