समाजवादी पार्टी में कोल सीट पर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त विवाद का कारण बनती दिख रही है। हालांकि कारण कोई स्पष्ट नहीं कर रहा, मगर इतना जरूर है कि कोल से पार्टी प्रत्याशी घोषित सलमान शाहिद का फार्म बी रुक गया है। शहर के घोषित प्रत्याशी जफर आलम का फार्म बी जारी कर दिया गया है। अब सलमान शाहिद के फार्म बी को लेकर शनिवार तक इंतजार हो रहा है। संकेत हैं कि अन्य दावेदारों की वीटो पावर इस रुकावट का बड़ा कारण है। सलमान ने भी खुद देर शाम फार्म बी न मिलने की पुष्टि की है।
समाजवादी पार्टी ने बृहस्पतिवार को अपने दो प्रत्याशी घोषित किए हैं। जिनमें शहर से पूर्व विधायक जफर आलम व कोल से सपा युवजनसभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष सलमान शाहिद शामिल हैं। टिकट घोषणा के साथ ही पार्टी महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी व महासचिव मनोज यादव को लखनऊ तलब कर लिया गया। दोनों पदाधिकारी रात में ही लखनऊ पहुंच गए। जहां शुक्रवार को उन्हें शहर सीट के प्रत्याशी जफर आलम का फार्म बी दे दिया गया, मगर कोल प्रत्याशी सलमान शाहिद का फार्म बी नहीं दिया गया। इस बात की पुष्टि खुद महासचिव मनोज यादव ने की है। मगर कारण इतना ही बताया कि हो सकता है कि किन्हीं व्यस्तताओं के कारण तैयार न हो पाया हो। अभी वे लखनऊ में रुके हैं। बाकी दो सीटें भी शनिवार को घोषित होने की उम्मीद है।
इधर, पार्टी सूत्र बताते हैं कि इस सीट पर पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, पूर्व महानगर अध्यक्ष व पूर्व प्रत्याशी अज्जू इशहाक, पूर्व मंत्री ख्वाजा हलीम के पुत्र ख्वाजा जिब्रान, उस्मान ख्वाजा, एमएस सगीर, शान मियां आदि प्रमुख दावेदार हैं। उनकी अपनी-अपनी पैरोकारी है। संकेत हैं कि इनमें से जमीर उल्लाह, अज्जू इशहाक व उस्मान ख्वाजा की पैरोकारी ज्यादा मजबूत है। सूत्र बताते हैं कि इन्हीं में से किसी की वीटो पावर इस रुकावट का बड़ा कारण बनी हो सकती है।
- यह सही है कि मुझे आज फार्म बी नहीं मिला है। मगर जानकारी में आया कि पार्टी में कुछ बडे़ नेताओं के शामिल होने के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष की व्यस्तता व कार्यालय में भीड़ भाड़ के कारण मेरे अलावा अन्य कई जिलों के घोषित प्रत्याशियों को फार्म बी नहीं मिल पाया है। अभी लखनऊ में रुका हूं। प्रत्याशी घोषित किया है तो फार्म बी भी मिलेगा और लेकर आऊंगा। बाकी जो राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्देश होगा, वह मान्य होगा।
- सलमान शाहिद, सपा नेता
जमीरउल्लाह को टिकट न मिलने पर प्रदर्शन
जुमे की नमाज के बाद जमालपुर ईदगाह के पास पूर्व विधायक जमीरउल्लाह खान को कोल विधानसभा क्षेत्र से सपा का टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
नमाज के बाद समर्थकों के हाथों में तख्तियां थीं। जमीरउल्लाह खान के पक्ष में नारे लगाए। समर्थक सद्दाम खान, सोहेल अहमद ने बताया कि 10 वर्ष तक जमीर उल्लाह सपा विधायक थे। उन्होेंने कोल व शहर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी व जनहित में काफी काम किए हैं। इसलिए उन्हें कोल विधानसभा क्षेत्र से सपा का टिकट मिलना चाहिए था। उन्हें टिकट न मिलने से उनके समर्थक मायूस हैं। उधर, जमालपुर, भुजपुरा, शाह जमाल, रसलगंज, मौलाना आजाद नगर, शमशाबाद, कोल विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पूर्व विधायक जमीरउल्लाह खान को टिकट देने का अनुरोध किया है। मांग करने वालों में इमरान खान, रियासत सिद्दीकी, आजम अंसारी, कमालुद्दीन सैफी, फैजान कुरैशी, फरमान खान, इमरान घोसी, फरहान सलमानी, बबलू अब्बासी, राशिद अल्वी, रूपेश शर्मा, मोहसिन कुरैशी, आजम सैफी, कल्लू सैफी, शानू राईन, आमिर राईन, शाकिर खान, इमरान, साबिर अल्वी, राशिद मलिक, साबिर मलिक, जाकिर हुसैन, सलमान अहमद खान, शाहिद अंसारी, नईम कुरैशी आदि मौजूद रहे। उधर, पूर्व विधायक जमीरउल्लाह खान ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फैसला सर्वमान्य है। वह 10 साल तक सपा के विधायक रहे हैं। उन्होेंने कहा कि जनता के बीच था, हूं और रहूंगा। उन्होेंने कोल विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी सलमान शाहिद को शुभकामनाएं दीं।