आईसीयू में भर्ती हार्डवेयर कारोबारी के घर से चोरी में कितना माल गया? इस सवाल पर सबका अपना-अपना अनुमान है। मगर इतना जरूर है कि चोरों ने दो दिन की रैकी के बाद सूना घर इत्मिनान से खंगला। वे पुस्तैनी बेशकीमती जेवरात व नकदी के साथ-साथ एक बोरे में रखे व्यवहार में आए 2 हजार से अधिक लिफाफों में चिपके एक-एक रुपये के सिक्के तक निकाल ले गए। इधर, बहू ने जब घर से जेवरात का एक एक सामान गायब होने की खबर सास को दी तो वह आगरा में बीमार हो गईं। वहीं उनके परिवार व रिश्तेदारों ने इस घटना के खुलासे के लिए अधिकारियों से भी बात की है।
कोर्ट आफ वार्ड कंपाउंड परिसर की एक गली में कारोबारी शिवम मित्तल के ईकरी परिवार के कई मकान अगल-बगल में बने हैं। घर में खुद शिवम के अलावा बुजुर्ग मां, पत्नी वर्षा, दो बेटियां 11 व 9 वर्ष की हैं। चूंकि शिवम की मां का मायका आगरा के कोतवाली क्षेत्र की सेठ वाली गली में है। जब बेटे की तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उन्होंने अपने भाई विजय प्रकाश से बात कर आगरा बेटे को ले जाना उचित समझा। पड़ोसी रिश्तेदारों के सहारे घर की निगरानी छोडक़र वे लोग रविवार को आगरा गए थे। वहीं शिवम की दोनों बेटियों को उनकी बुआ के घर मैरिस रोड पर छोड़ा गया था। मंगलवार शाम को दोनों बेटियां अपनी बुआ संग पिता से मिलने भी गई थीं। शाम को वे वापस आ गई थीं।
सिक्कों की आवाज पर भी हुई थी जगार
पुलिस के पहुंचने पर पड़ोसी रिश्तेदारों ने बताया कि तड़के के समय उन्हें कुछ सिक्कों के खनकने की आवाज सुनाई दी थी। उस समय जगार हुई थी। इधर-उधर देखने पर कुछ समझ में नहीं आया। सुबह करीब सवा सात बजे जब घर का दरवाजा खुला व ताला टूटा देखा तो सबसे पहली खबर पड़ोसियों ने शिवम की मैरिस रोड पर रहने वाली बहन सोनाली व बहनोई शरन अग्रवाल को दी। साथ में वर्षा के मायके वालों को दी। खबर पर वर्षा के चाचा भाजपा नेता पार्षद योगेश सिंघल भी पहुंच गए। उन्होंने मेयर के जरिये खबर पुलिस अधिकारियों तक पहुंचवाई। तब तमाम अधिकारी पहुंचे।
पुलिस जांच के अनुसार चोरों ने रात में बाउंड्री से घर में अंदर प्रवेश किया। फिर बाहर के कमरे का ताला तोड़ा। यहां से पहली मंजिल पर बने दो कमरों के ताले तोड़ दिए। उन्हीं कमरों में अलमारी का लाकर तोड़ा, बेड व अन्य दराजों को भी खोल लिया। उसमें रखी नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। उसी कमरे में एक बोरे में करीब दो हजार से अधिक की संख्या में व्यवहार से आए लिफाफे रखे थे। उनमें चिपके एक रुपये के सिक्कों को निकाल लिया।
ये बोले परिजन
शिवम के आगरा से आए मामा विजय प्रकाश अग्रवाल ने तहरीर देने के साथ-साथ पुलिस के प्रति गुस्से का इजहार किया। उनका कहना है कि जल्द पुलिस घटना का खुलासा करे। इस खबर पर उनकी बहन भी आगरा में बीमार हो गई है। अब उसके होश में आने पर उसे यहां लाया जाएगा। तभी सही माल की जानकारी होगी। मगर इतना जरूर है कि पीढिय़ों के सोने चांदी के जेवरात चले गए हैं। अगर पुलिस ने जल्द खुलासा नहीं किया तो वे उच्च स्तर तक जाएंगे। वहीं शिवम के बहनोई शरन अग्रवाल ने बताया कि अभी तक पुलिस को हमारी ओर से जो जानकारी दी गई है, उसमें ढाई लाख रुपये नकद, करीब 50 किलो चांदी व 600 ग्राम से अधिक सोने के जेवरात जाने का अनुमान है। सही जानकारी सास के आने पर होगी। दोपहर में पुलिस को तहरीर देने व सभी जानकारी देने के बाद शिवम की पत्नी वर्षा घर पर ताला लगाकर वापस आगरा रवाना हो गईं।
25 से अधिक कैमरे देखे, दो संदिग्ध चिह्नित
इस घटना के बाद पुलिस की सात अलग अलग टीमों ने इलाके में काम करने वाले सभी वर्कर, उनके मोबाइल नंबर देखे। साथ में घर में पूर्व में काम करने वाले कर्मचारियों, उनके कारोबार में काम करने वाले कर्मचारियों को भी चिह्नित किया। साथ में घटना स्थल से चारों ओर के 25 से अधिक सीसीटीवी देखे। जिनमें दो संदिग्ध पुलिस ने चिह्नित किए हैं। उनकी भूमिका संदिग्ध पाई जा रही है। प्रयास उनकी पहचान के हो रहे हैं। संकेत हैं कि जल्द इसी प्रयास में घटना का खुलासा होगा। पुलिस की दो टीम उन संदिग्धों के पीछे लगी हैं। देर रात तक टीमें इसी कवायद में लगी थीं।