बुधवार को लगातार चौथे दिन मैरिस रोड पर दुर्गाबाड़ी के पास बदमाशों ने महिला से लूट को अंजाम दिया। इस दौरान महिला ने शोर मचाते हुए एक लुटेरे का पैर पकड़ लिया, मगर उसे तमंचा दिखाकर धमकाते हुए बदमाश जंजीर लूटकर ले गए। सीसीटीवी की जांच में वही गैंग सामने आ रहा है, जो पिछले दो दिन से सक्रिय है।
दुर्गाबाड़ी निवासी किरन देवी अपनी मां के साथ बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से परचून की दुकान पर सामान लेने के लिए पैदल मैरिस रोड पर जा रही थीं। जैसे ही वे दुर्गाबाड़ी के मुहाने पर पहुंची, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और किरन के गले पर झपट्टा मारकर जंजीर तोड़ ली। इस पर महिला ने शोर मचाते हुए एक लुटेरे का पैर पकड़ लिया और उसे खींचने की कोशिश की। मगर बदमाश ने तमंचा तानकर धमकाया। इस पर किरन डर गईं और लुटेरे को छोड़ दिया। इस पर बदमाश भाग निकले। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के अनुसार इस घटना में वही गैंग सामने आ रहा है। इसका लगातार पीछा किया जा रहा है। कुछ ठिकाने चिह्नित भी कर लिए हैं। पूरा प्रयास होगा कि अब यह गैंग आगे वारदात न कर पाए। जल्द पकड़ा जाएगा।
चौकी के पास हिंजाम नेता से लूट का प्रयास, जख्मी
महानगर के सासनी गेट क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच के नेता से लूट की कोशिश की गई। इस दौरान मारपीट कर जख्मी भी कर दिया। पला निवासी एडवोकेट शशांक वशिष्ठ हिंदू जागरण मंच के महानगर संयोजक हैं। बुधवार की सुबह वह एडीए पुलिस चौकी के पास फोन पर बातचीत करते हुए पैदल जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके मोबाइल पर झपट्टा मार दिया। इस दौरान शशांक ने छीना झपटी की तो वे नीचे गिर गए और उनके चोट आई है। इस मामले में शोर मचाने पर लुटेरे पुलिस चौकी के सामने से भाग गए। पुलिस के अनुसार मामले में बदमाशों को तलाशा जा रहा है।