गांव दिनावली निवासी युवक की अवैध संबंधों के चलते हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा कर किशोरी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह हाथरस के कस्बा हसायन के पास रजवहे से बरामद हुआ था। मृतक के परिजनों ने दिनावली चौराहे पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा किया था। परिजनों ने गांव के दस लोगों पर युवक का अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सतीश एक किशोरी से संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। किशोरी ने अपने प्रेमी चंद्रकेश पुत्र प्रेमपाल, करू उर्फ विनीत पुत्र नत्थू निवासी सिकंदरपुर और सतीश को फोन कर प्राथमिक विद्यालय में बुला लिया। जहां सभी ने मिलकर पहले शराब पी। उसके बाद तीनों ने मिलकर सतीश की हत्या कर दी। शव को केलनपुर के निकट रजवहा में फेंक दिया। तीनों आरोपियों ने सतीश की हत्या करना कुबूल किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। हत्या का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक कपिल देव मलिक, प्रदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, अजय कुमार, मंजीत कुमार एवं महिला का. सपना व आरती मौजूद रहे।