नुमाइश के खेल प्रांगण में रस्सकसी प्रतियोगिता के दौरान पानी को लेकर छात्राओं में होती मारपीट। स
- फोटो : Samvad
नुमाइश मैदान में बुधवार को चल रही रस्साकशी प्रतियोगिता के दौरान पानी के पाउच को लेकर छात्राओं के दो गुटों में जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान तमाशबीनों की भीड़ लग गई। आयोजकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया।
अलीगढ़ महोत्सव के तहत बुधवार को नुमाइश मैदान पर रस्साकशी प्रतियोगिता चल रही थी, जिसमें जिले की स्कूल और कॉलेज की टीमें हिस्सा ले रही थीं। दोपहर को चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज और टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज के बीच रस्साकशी का मैच हुआ। दोपहर करीब 3:15 बजे चिंरजीलाल कन्या इंटर कॉलेज की खिलाड़ी डग आउट में आ गईं।
कॉलेज की एक खिलाड़ी ने टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज की खिलाड़ी से पानी का पाउच मांगा। उसने पाउच देने से मना कर दिया। इसके बाद पाउच की छीना-झपटी शुरू हो गई, जिस पर दोनों में बहस और गाली-गलौज होने लगी। गाली सुनते ही चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं भड़क गईं।
इसके बाद दोनों कॉलेज की छात्राएं आमने-सामने आ गईं और उनमें जमकर लात-घूंसे चले। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदा नंद ने बताया कि खेल प्रतियोगिता के दौरान जो घटना हुई है, उसके संबंध में संबंधित स्कूलों से जवाब मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।