मोहम्मद नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष नशरा नईम और सचिव मोहम्मद हमदान। - अमर उजाला
खुली जीप, हाथ हिलाकर अभिवादन करते नवनिर्वाचित पदाधिकारी और उनके स्वागत में उमड़ता छात्र उत्साह... बृहस्पतिवार को एएमयू का कैंपस छात्रसंघ चुनाव की जीत के जश्न का गवाह बना। दोपहर 3:15 बजे नॉर्थ से छात्रसंघ का विक्ट्री मार्च शुरू हुआ तो देखते ही देखते कैंपस में चुनावी जीत का रंग छा गया।
सबसे आगे खुली जीप में छात्रसंघ अध्यक्ष मोहम्मद नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष नशरा नईम और सचिव मोहम्मद हमदान सवार थे। उनके पीछे दूसरी जीप में कैबिनेट की पांच निर्वाचित छात्राएं और तीसरी जीप में पांच अन्य कैबिनेट सदस्य सवार होकर निकले। तीनों जीपों का काफिला कैंपस के विभिन्न हिस्सों से गुजरा। इस दौरान समर्थकों का उत्साह और पदाधिकारियों का अभिवादन आकर्षण का केंद्र रहा।
विक्ट्री मार्च यूनियन हॉल पहुंचा। यहां से आगे बढ़ते हुए शाम करीब पांच बजे काफिला एसएस साउथ हॉल पहुंचा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने यहां जामा मस्जिद में नमाज अदा की। इसके बाद सभी का शुक्रिया अदा करते हुए चुनाव में मिले समर्थन के प्रति आभार जताया।
छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद जश्न का दौर अब शपथ ग्रहण समारोह के साथ अगले पड़ाव पर पहुंचेगा। 15 नवंबर को दोपहर दो बजे एथलेटिक मैदान में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कैबिनेट के निर्वाचित पदाधिकारी शपथ लेंगे। इसके साथ ही नई छात्रसंघ टीम औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभालेगी