पं. दीनदयाल संयुक्त जिला अस्पताल बिजली का 70 लाख रुपये का बकाया नहीं जमा कर पा रहा है। पावर कॉरपोरेशन स्तर से अस्पताल प्रबंधन को नोटिस देकर एक सप्ताह में बिल जमा करने के लिए कहा गया है। बिल जमा नहीं करने पर बिजली काटने की चेतावनी दी है। उधर अस्पताल प्रबंधन बजट न मिलने का हवाला दे रहा है।
पं. दीनदयाल संयुक्त अस्पताल में 150 केवीए भार का विद्युत कनेक्शन है। प्रतिमाह 8 लाख रुपये तक का बिल इस कनेक्शन पर आता है। पिछले कई माह से अस्पताल की ओर से बकाया जमा नहीं किया गया है। लगातार बजट आवंटित नहीं होने से बिल जमा न कर पाने का जवाब विद्युत विभाग को भेजा जा रहा है। अब पावर कॉरपोरेशन स्तर से बुधवार को एक सप्ताह में बिल जमा न करने पर बत्ती गुल करने की चेतावनी दी गई है। नगर क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता एसके जैन ने बताया कि इस तरह के बड़े बकायेदारों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं उन्होंने छोटे बकायेदारों से जून माह में शासन स्तर से एकमुश्त समाधान योजना लागू होने पर उसका लाभ उठाने का आह्वान किया है।
24 घंटे बाद शुरू हुआ स्वर्ण जयंती नगर का ट्रांसफार्मर
अलीगढ़। स्वर्ण जयंती नगर बिजली घर पर मंगलवार को दिन में फुंका 8 एमवीए का बड़ा ट्रांसफार्मर बुधवार की शाम पांच बजे दुरुस्त हो सका। इसके बाद आपूर्ति शुरू की जा सकी। मंगलवार को यह ट्रांसफार्मर फुंकने से इस विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति पाने वाले सभी फीडरों में कटौती की जा रही है। रोस्टिंग चार्ट बनाकर सभी 9 फीडरों को आपूर्ति दी जा रही थी। इसके चलते लोगों को कटौती झेलनी पड़ रही थी। नगर क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता एसके जैन के अनुसार शाम पांच बजे ट्रांसफार्मर सही होने के बाद आपूर्ति दुरुस्त कर दी गई है।