गांव नानऊ में पांच हजार रुपये के लिए साले की हत्या करने के आरोपी जीजा को पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया है, उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा, फरसा और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया कि थाना अकराबाद के गांव नानऊ में मंगलवार की रात रुपये के लेन-देन को लेकर हुई विवाद में शराब के नशे में मानवेंद्र उर्फ बंटू ने छुरे और फरसा से हमलाकर हरदुआगंज के गांव नगला कोठी निवासी अपने साले विनीत कुमार (30) की हत्या कर दी थी। बीच-बचाव में विनीत का दोस्त शीलेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ था।
विनीत के पिता ध्यानपाल सिंह की तहरीर पर आरोपी मानवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बुधवार की रात 11 हडे ही नानऊ नहर की पटरी से गांव चांदगढ़ी के पास से आरोपी मानवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसी के द्वारा छुरा व फरसा से किए गए हमला से विनीत की मौत हुई है और उसका दोस्त शीलेंद्र घायल हो गया था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा, फरसा समेत खून से सने कपड़े गांव चांदगढ़ी के पास से बरामद कर बृहस्पतिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
साले की हत्या के बाद खेतों में छिप गया था मानवेंद्र
पुलिस की पूछताछ के दौरान मानवेंद्र ने बताया कि अपने साले की हत्या करने के बाद वह पुलिस के डर से खेतों में जाकर छिप गया था। इसी बीच रात समय करीब 11:30 बजे वह बाहर भागने की फिराक में नानऊ नहर की पटरी पर पहुंचा, तभी मुखबिर ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दे दी थी।