अवैध शराब बिक्री पर बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे खैर कोतवाली के गांव सुजानपुर पहुंची पुलिस ने एक परचून विक्रेता को पकड़ लिया तो परिवार व गांव वालों ने पुलिस टीम को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस वालों से हाथापाई की। इसी दौरान दुकानदार पुलिस की गाड़ी से कूदकर भाग निकला तो पुलिस वालों ने उसके भांजे को पकड़कर गाड़ी में बिठा लिया।
इस दौरान महिलाओं व ग्रामीणों ने पथराव कर पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। भीड़ के हमलावर होने पर पुलिस टीम वहां से तत्काल ही निकल गई। वहीं खैर थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि अवैध शराब बिक्री की सूचना पर सुजानपुर में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है जबकि तीन लोग मौके से भाग निकले। लौटते समय किसी बच्चे ने गाड़ी में ईंट मार दी जिससे शीशा टूट गया।
सुजानपुर निवासी दिव्यांग परचून दुकानदार सूरजपाल सिंह के बेटे अंकित को पुलिस टीम ने पकड़ा था। मौके पर मिली शराब को कब्जे में लेकर सूरजपाल के बेटे अंकित को पुलिस ने पकड़ लिया और गाड़ी में बिठा लिया। इसी बीच भीड़ जमा हो गई। अंकित के परिवार की महिलाओं ने पुलिस के साथ हाथापाई की। मौका निकालकर अंकित भाग निकला तो पुलिस सूरज सिंह के भांजे पुष्पेंद्र को पकड़कर थाने ले गई।