जिला स्तरीय अस्पतालों पर अब शासन की सीधे नजर रहेगी। अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को निदेशालय के कंट्रोल रूम से लिंक कराया जाएगा। अलीगढ़ समेत प्रदेश के सभी जिलों में यह योजना जल्द लागू होगी।
ओपीडी में चिकित्सकों के नदारद रहने, देरी से पहुंचने व अन्य शिकायतें मिलने पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा महानिदेशक ने यह निर्देश जारी किए हैं। अलीगढ़ मंडल के स्वास्थ्य व चिकित्सा अपर निदेशक डॉ वीके सिंह ने बताया कि जिला और महिला अस्पतालों में सीसीटीवी लगाकर इन्हें स्वास्थ्य महानिदेशालय लखनऊ के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इसके बाद अधिकारी अस्पतालों में चल रही सभी गतिविधियों की निगरानी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में सीसीटीवी पहले से लगे हुए हैं, उन्हें निर्देशानुसार लिंक कराया जाएगा, लेकिन लैब, पर्चा काउंटर, ओपीडी और दवा काउंटर पर कैमरे नहीं हैं, वहां लगवाए जाएंगे। डॉ वीके सिंह ने बताया कि सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें पर भी चिकित्सकों की निगरानी की जाएगी। औचक निरीक्षण कर या जूम एप के माध्यम से उनकी मौजूदगी को जांचा जाएगा।