अलीगढ़–मथुरा मार्ग पर करबन नदी पुल पर सेही के बनाए गड्ढे (सुराख) को गिट्टी से भर दिया गया है। पुल के किनारे नीचे से मिट्टी का भराव कर फर्श कर दिया गया है। अवर अभियंता का कहना है कि स्थाई समाधान के लिए टेंडर निकाल कर काम कराया जाएगा। गड्ढा फिर नहीं हो इसकी निगरानी की जाएगी
कस्बा से एक किलोमीटर आगे करबन नदी के पुल के बने गड्ढे को ठीक करने के लिए सोमवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने पुल पर मरम्मत का काम शुरू किया गया। पुल के ऊपर सेही (जंगली जानवर) द्वारा बनाए गड्ढे को गिट्टी से भर दिया गया, जबकि करबन नदी की उत्तरी दिशा किनारे पर मिट्टी डालकर ईंट बिछाकर फर्श कर दिया गया है, जिससे सेही ऊपर की ओर सुरखा नहीं कर सके। तकनीकी रुप से जानकार लोगों का कहना है कि पुल के किनारे नीचे की ओर से आधार तैयार करके फिलिंग की जानी चाहिए, जिससे पुन: सड़क धंसने संबंधी कोई खतरा न हो यह एक अस्थाई समाधान है।
तीन दिन से की जा रही है मशक्कत
ज्ञात रहे शुक्रवार को करबन नदी का गड्ढा होेने पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों द्वारा मिट्टी डाल कर भर दिया गया था। शनिवार और रविवार को गड्ढा पहले से ज्यादा खतरनाक स्थिति में आने के बाद विभाग के हरकत में आया। रविवार को गड्ढे बढ़ने से दोपहर तक वाहनों के आवागमन में परेशानी रही, कोतवाली प्रभारी एक उपनिरीक्षक व दो कांस्टेबल तैनात करके यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। विभागीय अधिकारियों को कहना था कि गड्ढा सेही द्वारा बनाया गया है।
करबन नदी के पुल के गड्ढे का बजट आवंटित होने पर टेंडर कराकर स्थाई समाधान किया जाएगा। गड्ढा पुन: नहीं हो इस पर नजर रखी जाएगी। सुनील कुलश्रेष्ठ, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी