कस्बा के आलमपुर चौराहा पर सोमवार शाम एक ग्राम प्रधान से दरोगा ने बदसुलूकी की और थाने ले गया। गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया, जिस पर उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस प्रधान के आरोपों की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत नगरिया सिहानी के ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव ने बताया कि दो दिन पहले दरोगा फरीदपुर चौराहा स्थित एक परचून की जबरन तलाशी ले रहे थे। साथ ही एक खड़ी बाइक का पांच हजार का चालान कर दिया था, उन्होंने इसका दरोगा से विरोध किया था। सोमवार को वह किसी काम से आलमपुर चौराहे पर गए थे, जहां उक्त दरोगा मिल गया और आरोप है कि उनसे बदसुलूकी करते हुए थाने ले गया। ग्राम प्रधान के थाने ले जाए जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया। दबाव बढ़ता देख कुछ देर बाद थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान को छोड़ दिया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे, जिसके चलते उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। बुधवार को एसएसपी से मिलकर घटना की शिकायत करेंगे। इस संबंध में सीओ छर्रा धनंजय सिंह ने बताया ग्राम प्रधान और दरोगा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। ग्राम प्रधान द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल मामला शांत है।