क्वार्सी थाना क्षेत्र के कोछोड़ गांव स्थित एसएसडी इंटरनेशनल स्कूल की बच्चों से भरी एक टाटा मैजिक गाड़ी हैबतपुर मोड़ पर पलट गई। गाड़ी में 28 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं इसमें पांच-छह बच्चे मामूली रूप से घायल हुए हैं।
स्कूल की छात्रा काजल को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं उसके भाई दीपू के कंधे में चोट लगी है। उसे परिजन एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए हैं।
घायल छात्रा काजल के अनुसार चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। स्कूल से निकलते ही एक मोड़ पर पहले गाड़ी पलटने से बच गई। इसके बाद वह फोन पर बात करते हुए एक हाथ से स्टेरिंग को संभाले था।
इसी दौरान हैबतपुर मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जा पलटी। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। सूचना पर थाना गांधी पार्क और क्वार्सी पुलिस पहुंच गई।