तीन-तीन मौतों की सनसनीखेज वारदात के पीछे क्या वजह रही, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस के हाथ अभी तक सिर्फ एक फेसबुक लाइव का वीडियो लगा है। खुद शैलेंद्र ने आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव कर 21 सेकंड का एक वीडियो बनाया, जिसमें वह रोते हुए खुद जान देने की बात कह रहा है। वह वीडियो में कहता दिख रहा है कि मैं परिवार वालों से तंग आ चुका हूं। इसके बाद मुझसे कोई जवाब नहीं मांगेगा। मैं कायर नहीं हूं। बस परिवार वालों से तंग आकर जान दे रहा हूं। इस वीडियो में उसने कहीं जान लेने की बात नहीं कही है। इसलिए इस वीडियो ने पुलिस के सामने एक गुत्थी रख दी है, जो कि सिरदर्द बनी हुई है।
अपने-अपने तर्क, बहनोई की हरकत पर भी सवाल
दरअसल, वीडियो में उसने यह साफ नहीं किया कि वह किस सदस्य से परेशान था। परिवार का हर सदस्य अपने-अपने तर्क दे रहा है। कोई सात माह पहले रचाए प्रेम विवाह से परिवार के नाखुश होने की बात कह रहा है तो मृतक की बड़ी बहन मंजू अपने पति को इस कांड का जिम्मेदार बता रही है। मंजू ने बताया कि 16 साल पहले उसकी शादी हुई थी। सात माह पहले उसका पति छोटी बहन को बहला फुसालकर ले गया था। इसके बाद से बहन का आज तक पता नहीं है। पुलिस को भी मामले में शिकायत की थी। मगर, कोई सुराग नहीं लगा। परिवार वाले इस बात को लेकर भी परेशान रहते हैं। दोनों भाई समाज में इसे बदनामी के तौर पर देख रहे थे।
भाइयों-भाभी के बीच तो नहीं थी कोई बात, विशाल संग गया राज
अलीगढ़। पुलिस को मामले की जांच में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारने की बात तक तो कहानी पारिवारिक कलह की समझ आ रही है। मगर, इससे आगे बढ़ते ही पुलिस जैसे ही विशाल की आत्महत्या को देख रही है पूरी कहानी उलझ जा रही है। पुलिस को शक है कि भाइयों और भाभी के बीच कोई ऐसी बात तो नहीं थी, जिसे दंपती के अलावा विशाल ही जानता था। पुलिस को आशंका है कि दंपती की मौत से विशाल किसी बात को लेकर खुद को गुनहगार समझने लगा हो और आवेश में आकर उसने अपनी भी जान दे दी। अब पुलिस के पास मकान में रहने वाले उन तीन के अलावा सिर्फ दो लोग (मां-पिता) ही बचे हैं, जिनसे वह हर सवाल का जवाब तलाशने में लगी है। हालांकि पुलिस को यह भी पता चला है कि दोनों भाइयों में अच्छी बनती थी और दोनों के कमरे भी आमने-सामने ही थे।
खाना किसी ने नहीं खाया, मतलब शाम से ही था कोई विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार शाम को शैलेंद्र की पत्नी ने अंडे की सब्जी, बींस की सब्जी और रोटी बनाई थीं। एक तरफ खाना विशाल के कमरे में ज्यों का त्यों रखा मिला और वहीं शैलेंद्र के कमरे में भी खाना ज्यों का त्यों रखा था। इसका मतलब साफ है कि किसी ने खाना नहीं खाया। शायद शाम को ही किसी बात को लेकर परिवार में अनबन हुई थी, जिसका गहरा असर शैलेंद्र पर हुआ था।
विशाल को चाभी तो नहीं मिली, पर तमंचा मिल गया
पुलिस जांच व पूछताछ में यह सामने आया है कि जिस वक्त शैलेंद्र की मां ने शोर मचाना शुरू किया, उस समय विशाल नीचे कमरे में लेटा हुआ था। वह दौड़कर पहले ऊपर गया। वहां उसने भाई भाभी को देखा तो वह दौड़कर नीचे आया और पड़ोसी मकान में रहने वाली अपनी भाभी के पास गया, वहां से लौटकर फिर घर में गाड़ी की चाभी देखने लगा। इस दौरान उसे चाभी तो नहीं मिली, मगर एक तमंचा मिल गया और ऊपर जाकर खुद को भी गोली मार ली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बैड पर पिंकी सिसक रही थी, जबकि जमीन पर एक कौने में शैलेंद्र और दूसरी ओर बैड के सहारे विशाल अचेत पड़ा था।
पिंकी की रात आठ बजे हुई थी घर पर बात
अलीगढ़। पिंकी के प्रेम विवाह करने से शुरुआत में उसके परिवार वाले उससे नाराज थे। पिंकी के पिता बाबूलाल ने बताया कि बेटी के प्रेम विवाह करने से परिवार कुछ समय नाराज रहा। मगर, बाद में मामला पटरी पर लौटने लगा था। हालांकि उसके भाई उससे कम ही बात करते थे। बाबूलाल ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे करीब परिवार वालों की उससे बात हुई थी। उस समय उसने किसी भी प्रकार के विवाद का कोई जिक्र नहीं किया। पता नहीं परिवार में क्या बात रही, जिसके चलते शैलेंद्र ने बेटी की जान लेने के बाद खुद को मौत के घाट उतार लिया।
- फिलहाल शैलेंद्र के पिता की प्राइमरी सूचना दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाकी कारणों को लेकर जांच जारी है। जिसमें शैलेंद्र के परिचित द्वारा दिया गया वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है। परिवार के एक-एक सदस्य से अलग अलग बात की जाएगी। इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा-पंकज श्रीवास्तव सीओ द्वितीय
विशाल का फाइल फोटो। - फोटो : CITY OFFICE