फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ः साथा चीनी मिल की नई यूनिट की मांग को लेकर फूटा आक्रोश

विज्ञापन
प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझातीं डीएम सेल्वा कुमारी जे । - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
साथा चीनी मिल की नई यूनिट की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन भानु के बैनरतले किसानों ने गन्ना लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान डीएम से वार्ता के लिए अड़े किसानों की एडीएम सिटी से जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची डीएम ने दिसंबर के अंत तक मिल चलाने तथा मिल न चलने पर किसानों के शत प्रतिशत गन्ने की पेराई अन्य मिलों में कराने के आश्वासन पर किसान माने।
विज्ञापन

जर्जर हो चुकी साथा चीनी मिल की नई यूनिट लगाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के बैनरतले किसान गन्ने लेकर बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पहुंच गए। दोपहर 12 बजे से होने वाले कार्यक्रम में यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानुप्रताप सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन किसी कारणवश वह नहीं आ सके। इसके बाद प्रदेश महासचिव डॉ. शैलेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने धरना शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी राकेश पटेल ने किसानों को हटाने की कोशिश की तो किसान तैश में आ गए। इस दौरान उनकी व एडीएम सिटी की नोकझोंक हुई। प्रदेश महासचिव डॉ. शैलेंद्र पाल सिंह ने कहा कि आपको साथा चीनी मिल के विषय में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए हम डीएम साहब से वार्ता करेंगे। एडीएम सिटी ने कहा कि डीएम हर किसी से वार्ता नहीं करतीं, आपको जो बात करनी है मुझसे ही करनी होगी तो इस बात पर किसान उग्र हो गए और एडीएम सिटी मुर्दाबाद किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। किसानों के तेवर उग्र होते देखकर एडीएम वित्त विधान जायसवाल मौके पर आ गए, लेकिन किसानों ने एडीएम सिटी को वहां से हटाने की मांग करते हुए मात्र डीएम से वार्ता की मांग कर डाली। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद जिलाधिकारी मौके पर आईं और किसानों की बात सुनी।
इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि साथा चीनी मिल की मरम्मत कराकर बहुत जल्द चालू कराया जाएगा। इससे पहले गन्ना किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए गन्ने को अन्य चीनी मिलों पर उनका गन्ना भिजवाया जाएगा। उन्होंने एडीएम वित्त को जिला गन्ना अधिकारी से वार्ता कर जल्द से जल्द किसानों की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एस के सिंह राणा, जिलाध्यक्ष युवा कृष्णा ठाकुर, रणवीर सिंह, ओमपाल सिंह, डॉ. प्रवीण राणा, रोबी ठाकुर, संदीप चौहान, अशोक सिंह, बृजेश पाल सिंह, हरिंदर सिंह, धर्मवीर सिंह, गोविल, बंटी आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

एडीएम सिटी के दुर्व्यवहार की राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जानकारी
अलीगढ़। भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ता एडीएम सिटी के दुर्व्यवहार से सख्त नाराज दिखे। उन्होंने इसकी जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानुप्रताप सिंह को दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि चाहे डीएम हो या एडीएम, किसी भी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अधिकारी अपनी आदत सुधार लें और किसानों से झगड़ने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि वह 24 नवंबर को पुन: अलीगढ़ आ रहे हैं। उसी दिन डीएम से मुलाकात कर साथा चीनी मिल के विषय पर वार्ता करेंगे और एडीएम सिटी के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान करेंगे।
साथा चीनी मिल में मरम्मत का काम जारी है। मिल प्रबंधन ने दावा किया कि मिल में 22 दिसंबर से गन्ने की पेराई शुरू हो जाएगी। दि किसान सहकारी चीनी मिल साथा के प्रधान प्रबंधक रामशंकर ने बताया कि वर्तमान में पुरानी मशीनरी एवं प्लेटफार्म जर्जर होने के कारण मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चीनी मिल का मरम्मत कार्य जल्द ही पूर्ण कराते हुए स्टीम ट्रायल के पश्चात 22 दिसंबर तक मिल संचालन का शुभारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा दिन और रात मेहनत कर मशीनों की मरम्मत का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कृषक के पास शत-प्रतिशत गन्ना है और गेहूं की बुवाई के लिए खेत खाली न होने की समस्या उत्पन्न हो रही है तो ऐसी स्थिति में जिला गन्ना अधिकारी द्वारा निकटतम अन्य चीनी मिल पर गन्ना भेजने की व्यवस्था प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें