एएमयू के एथलेटिक्स मैदान पर 22 अप्रैल को हुई मारपीट की घटना के बाद अब इस पूरे आयोजन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस विवादित हॉर्स राइडिंग प्रतियोगिता के आयोजन से पहले राइडिंग क्लब के सदस्यों के बीच ही इसमें भाग लेने को लेकर मतभेद सामने आ गए थे। विश्वविद्यालय के एक छात्र मो. रेयान ने तो इस संबंध में केंद्रीय खेल मंत्री तक से शिकायत की थी। इस शिकायत में प्रतियोगिता के आयोजन और उसमें भाग लेने वाले कुछ सदस्यों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। हालांकि, इस शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें... AMU: हॉर्स शो में दो गुटों में चले जमकर लात-घूंसे, मेडिकल में फायरिंग, डॉक्टरों ने की हड़ताल, पांच अरेस्ट
विश्वविद्यालय प्रशासन अब इस बात की भी गहन जांच कर रहा है कि इतने बड़े आयोजन से पहले आयोजकों द्वारा आवश्यक सावधानियां क्यों नहीं बरती गईं। सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिभागियों की पात्रता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या आयोजन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह अप्रिय घटना हुई।
विश्वविद्यालय में शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। हमने जांच में इन सभी को चिह्नित किया है। अगर कोई छात्र भी होगा तो उसके खिलाफ विश्वविद्यालय नियमों के मुताबिक कार्रवाई होगी। बाहरी लोगों पर कानून अपना काम करेगा। - प्रो. वसीम अली, प्रॉक्टर, एएमयू