पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने का विरोध कर रहे लोगों को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि कुछ आस्तीन के सांप हैं, जो तालिबान सोच रखते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साक्षी महाराज रविवार को कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके मैरिस रोड स्थित आवास पर पहुंचे थे।
मालूम हो कि कल्याण सिंह के निधन पर एएमयू के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने शोक व्यक्त किया था। इस पर कुछ लोगों ने एएमयू कैंपस में पोस्टर चिपकाकर विरोध जताया था।
साक्षी महाराज ने कहा कि तालिबान सोच रखने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह मुख्यमंत्री से किया है। कल्याण सिंह जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब विवादित ढांचा तोड़ा गया था, लेकिन था तो मंदिर ही।
बाबर ने मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई। कल्याण सिंह ने सुधार का काम किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से एक युग का अंत हुआ है। उन्हीं के नेतृत्व में मैंने राजनीति में प्रवेश किया। यहां तक की यात्रा का नेतृत्व कल्याण सिंह ने ही किया। आज दुनिया का सबसे भव्य व दिव्य मंदिर अयोध्या में बन रहा है तो उसका श्रेय केवल कल्याण सिंह को जाता है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के समय मैं अयोध्या में और कल्याण सिंह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर थे। कार सेवक गुंबद पर थे। केंद्रीय गृहमंत्री का फोन गया कि कार सेवक गुंबद पर चढ़ गए हैं। कल्याण सिंह ने कहा कि इससे आगे की भी मुझे जानकारी है लेकिन मैं गोली नहीं चलाऊंगा, नहीं चलाऊंगा, नहीं चलाऊंगा...। भाजपा सांसद ने कहा कि लोग प्रधानी तक नहीं छोड़ते हैं।
कल्याण सिंह ने प्रभु श्रीराम के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी को लात मार दी। देश एवं हिंदू समाज उनका आजीवन ऋणी रहेगा। कल्याण सिंह बहुत बड़े नेता थे। अटल बिहारी वाजपेयी के बाद कल्याण सिंह का नाम आता है। जब पार्टी की स्थापना हुई तो मैं उनके साथ था। मैंने पुराने दिन देखे हैं। कल्याण सिंह का स्थान कोई नहीं ले सकता।