सोफटन बाजार के मालिक के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत करने पहुंचे व्यापारी।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के 50 के करीब डेली-नीड्स उत्पाद के थोक विक्रेताओं से एक करोड़ से अधिक की ठगी हुई है। यह ठगी किसी आम व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मीनाक्षी पुल के सहारे स्थित महाजन प्लाजा में छह दिन पहले शुरू हुए ‘सोफ्टन बाजार’ के अंजान संचालक ने की है। इस बाजार के संचालक ने थोक विक्रेताओं से माल उधार में खरीदा और बिना भुगतान दिए गुरुवार की रात में माल सहित गायब हो गया। शुक्रवार को जब थोक विक्रेताओं को संचालक के माल सहित गायब होने की भनक लगी तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। पहले तो इन लोगों ने महाजन प्लाजा पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद देर शाम सिविल लाइंस थाने पहुंचकर तहरीर दे दी है। जिस व्यक्ति पर इस ठगी का आरोप है उसका ड्राइविंग लाइसेंस राजस्थान के अलवर जिले से जारी है। इससे ज्यादा उसके विषय में कोई और जानकारी इन लोगों के पास नहीं है।
वाकया इस तरह है कि सिविल लाइंस इलाके के महाजन प्लाजा 25 अक्तूबर को ‘सोफ्टन बाजार’ के नाम से डेली-नीड्स उत्पाद का रिटेल शोरूम शुरू हुआ। कथित रूप से इलियास जैसमीन पुत्र कोली पिचाई नाम के संचालक ने बाजार शुरू करने से पहले शहर के ही थोक विक्रेताओं से यह कहकर माल खरीदकर अपने शोरूम में एकत्रित किया कि काम चलते ही सभी का भुगतान करेगा। इसी तरह महाजन प्लाजा के संचालक से भवन किराये पर लेकर यह कहकर किरायेदारी डीड की लिखा पढ़ी नहीं कराई कि काम चल पड़ने पर डीड करा लेगा। प्लाजा संचालकों ने भी उसकी बात को मान लिया। अब अपने शोरूम में शहर भर से करीब 1 करोड़ 8 लाख का माल एकत्रित करने के बाद गुरुवार की रात में शोरूम का संचालक पूरा माल लेकर गायब हो गया। शुक्रवार को जब उसका शोरूम नहीं खुला और वहां काम करने वाले स्टाफ ने तस्दीक शुरू की तो दोपहर बाद यह बात उजागर हुई कि शोरूम संचालक पूरा माल लेकर रात में गायब हो गया है।
इसके बाद खबर शहर में फैली तो उसे माल देने वाले थोक विक्रेता हरकत में आए और धीरे-धीरे वहां लोगों की भीड़ जमा होने लगी। इन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। महाजन प्लाजा का मालिक भी उनकी तरह खुद को लाचार समझ में आया। खबर पर पुलिस भी पहुंची और मामले में लोगों को समझाया गया। इसी बीच थोक विक्रेताओं ने बताया कि उसने हर जगह माल खरीदने से पहले अपनी आईडी के रूप में अलवर राजस्थान से नवंबर 2018 में जारी ड्राइविंग लाइसेंस व फोटो दिया है। जिसके आधार पर उसके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में अमूल के थोक एजेंट राकेश अग्रवाल की ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर 50 के करीब लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार पहले तो यह सच्चाई पता लगाई जाएगी कि यह नाम व लाइसेंस सही है या नहीं। इसके बाद आगे कुछ तय हो सकेगा।
रामघाट रोड़ स्थित बंद पड़ा सोफटन बाजार।- फोटो : CITY OFFICE