सादाबाद के बिजलीघर रोड स्थित श्री गोवर्धनधाम खाटू श्याम मंदिर पर चतुर्थ वार्षिकोत्सव के आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो गईं हैं। आयोजक इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मंदिर पर दो सितंबर को श्याम नाम की मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें काफी संख्या में महिलाएं अपने हाथों पर श्याम नाम की मेंहदी रचाएंगी। तीन सितंबर को भव्य निशान यात्रा नगर के महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से निकाली जाएगी, जो कि जवाहर बाजार होते हुए नदी के पुल से मंदिर पहुंचेगी। निशान यात्रा में सूरजगढ़ का निशान सहित करीब 5100 निशान शामिल रहेंगे। चार सितंबर को मंदिर के निकट ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पहली बार दो गरीब कन्याओं का विवाह ट्रस्ट द्वारा कराया जाएगा। पांच सितंबर को शाम छह बजे से श्याम नाम संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें भजन गायक शीतल पांडेय धूम मचाएंगे। ट्रस्ट पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि निमंत्रण पत्र वितरित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम में श्री खाटू धाम सीकर से बड़ी मां का भी सानिध्य मिलेगा।