मिट्टी के बंधे को काटकर निकलता नाले का पानी। संवाद
- फोटो : samvad
गांव नगला बाबू के निकट से गांव अहरई जाने वाले रास्ता जलभराव के कारण सोमवार को दूसरे दिन भी पूरी तरह बंद रहा। 20 गांवों का संपर्क कस्बा मुरसान से कटा रहा, जबकि करीब 500 बीघा फसल भी अभी तक जलमग्न है।
बता दें कि गांव नगला बाबू के पास स्थित बरसाती नाले का पुल काफी समय से क्षतिग्रस्त था। रविवार को बरसात का पानी आने के बाद यह नाला ओवर फ्लो हो गया और इसका पानी पटरी से उतरकर आसपास के खेतों की करीब 500 बीघा फसल में पहुंच गया। पानी बंधा के ऊपर से निकलने लगा, जिससे गांव बंका, दऊदा, अहरई, सुरतिया, मुगरिया, सेनपुर सहित 20 गांवों का संपर्क मुरसान कस्बे से कट गया।
ग्रामीणों का कहना है कि रविवार से सोमवार की शाम तक नाले में पानी की मात्रा कम हुई है, लेकिन रास्ता पूरी तरह से बंद है। ग्रामीणों को मुरसान जाने के लिए करीब छह किमी दूर पटा चौराहे से होकर जाना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि मौके पर दूसरी पाइप बिछाकर पानी की निकासी की व्यवस्था के लिए जेई और ठेकेदार काम कर रहे हैं।