जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने बृहस्पतिवार को कोरोना वैक्सीनेशन की समीक्षा की। उन्होंने वैक्सीनेशन में खराब प्रगति वाले केंद्रों के एमओआईसी के पेेच कसे। कहा कि बड़े शर्म की बात है कि आप लोगों को लगातार प्रेरित करने, निर्देश देने एवं समझाने के बाद भी कार्यशैली में सुधार नही हो रहा है। उन्होंने खराब प्रगति वाले केंद्र प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शुक्रवार से यदि वैक्सीनेशन में सुधार नही मिलता है तो कठोर कारवाई की जाएगी।
समीक्षा में विकास खंड बिजौली, गंगीरी, धनीपुर, गोंडा एवं जवां की प्रगति खराब मिली। उन्होंने कहा कि एमओआईसी वैक्सीनेशन के बारे में समुचित प्रचार प्रसार कराएं। इसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड मेंबर, कोटेदार, ग्राम प्रधानों व संभ्रांत नागरिकों का सहयोग प्राप्त किया जाए। उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि संभावित तीसरी लहर से सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड.19 टीकाकरण में व्यक्तिगत रुचि से लेते हुए शत-प्रतिशत लोगों को प्रतिरक्षित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कुछ लापरवाह कर्मियों के चलते जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के टीकाकरण औसत 64 प्रतिशत से भी कम प्रगति होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक खराब प्रगति वाले काम नही करेंगे, जनपद की स्थित सुधरने वाली नही है। जनपद में बड़ी संख्या में आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम हैं। परंतु लक्ष्य के अनुरूप कार्य नही हो रहा है।