ओएलएफ स्कूल के बच्चों की छुट्टी होने के बाद रामघाट रोड पर लगा जाम।
- फोटो : CITY OFFICE
चार अप्रैल से नया सत्र शुरू होने पर स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है। साथ ही छुट्टी के समय अब शहर में जाम की समस्या फिर से गहराने लगी है। बड़े-बड़े स्कूलों की छुट्टी से एक घंटा पहले और डेढ़ घंटे बाद तक जाम की स्थिति रहती है, क्योंकि बच्चों को लेने आने वाले अभिभावक सड़कों पर अपने वाहनों को खड़ा करते हैं। ऐसे में आवागमन बाधित होने से जाम लग जाता है।
शहर के रामघाट रोड पर सबसे ज्यादा शिक्षण संस्थान हैं। निजी स्कूलों से लेकर वित्त पोषित शिक्षण संस्थानों में जैसे ही दोपहर में छुट्टी होती है। वैसे ही सैकड़ों की भीड़ रामघाट रोड पर निकलती है। दोपहर की तेज तपिश में जब जाम लगता है तो अधिकांश दो पहिया और पैदल चलने वाले राहगीर परेशान होते हैं। सोमवार को विभिन्न स्कूलों की छुट्टी पर अभिभावकों ने अपना वाहन सड़क पर ही खड़ा कर दिया। ऐसे में राहगीरों को काफी कम जगह मिलती है। इस बीच आड़े तिरछे वाहन फंसाने पर जाम लग गया। लोग घंटों गर्मी में पसीना बहाते रहे। बच्चों के घर जाने के बाद ही यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान यातायात पुलिस ने भी घंटों तक मशक्कत की।