सरकारी जमीन घेरकर बना सपा कार्यालय ध्वस्त
- फोटो : Rupesh
गांव धौर्रामाफी में सरकारी जमीनों पर कब्जों पर प्रशासन का कहर जारी है। सोमवार को प्रशासन की टीम ने गांव में ऊसर भूमि पर बना सपा कार्यालय महाबली की मदद से ध्वस्त करा दिया। एक अन्य जमीन पर अवैध रूप से की गई प्लाटिंग एवं खेती को नष्ट करा दिया। मुक्त करायी गई भूमि की कीमत चार करोड़ बताई जा रही है। जमीन को नगर निगम की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। निगम ने वहां बाउंड्री करानी शुरू कर दी है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम कोल के नेतृत्व में सोमवार को तहसील कोल की टीम ने गांव धौर्रा माफी के खसरा संख्या 149 व 152 के रकबा 4040 वर्ग मीटर से अतिक्रमण हटवाए। यहां भूमाफिया ने अवैध रूप से कॉलोनी काटते हुए प्लाटिंग कर दी थी। महाबली की मद्द से सभी प्लाटों की नींव खुदवा दी गई। यही नहीं जमीन में खेती भी पायी गई।
इसे भी नष्ट करा दिया गया। एक अन्य ऊसर भूमि के खसरा संख्या 145 के रकबा 460 वर्ग मीटर में एक राजनीतिक दल के लोगों द्वारा पिलर लगाकर पार्टी कार्यालय का बोर्ड पाया गया। इसे भी बुलडोजरों की मदद से ढहा दिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जोगिंदर सिंह ने बताया कि मुक्त करायी गई भूमि की कीमत करीब चार करोड़ रुपये है।
जमीन कब्जाने के दोषियों का पता लगवाया जा रहा है। मंगलवार को हलका लेखपाल इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा देंगे। इस जमीन को नगर निगम की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। निगम ने यहां बाउंड्री करानी शुरू कर दी है। इस मौके पर एसीएम प्रथम रंजीत सिंह, तहसीलदार गौतम सिंह समेत अन्य अफसर व नगर निगम की टीम मौजूद थी।