महानगर के सासनी गेट इलाके में बृहस्पतिवार देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने सराफ से हथियारों के बल पर ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट लिए। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब सराफ अपनी दुकान बंद कर साले के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दिन ढलते ही हुई लूट की खबर पर एसपी सिटी व सीओ सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। बदमाशों की घेराबंदी के लिए प्रयास किए गए। मगर सफलता नहीं मिली। देर रात पुलिस सीसीटीवी से बदमाशों को चिह्नित करने के प्रयास में जुटी थी।
मूल रूप से सासनी गेट हनुमानपुरी गली नंबर 2 निवासी मनोज वर्मा पुत्र ओमप्रकाश वर्मा की मडराक क्षेत्र में आगरा रोड नगला मंदिर पर सुमित्रा ज्वेलर्स के नाम से सराफ की दुकान है। रोजाना की तरह दिन ढलने के बाद सात बजे वे दुकान बंद कर स्कूटी से अपने साले राहुल के साथ घर लौट रहे थे। खुद मनोज स्कूटी चला रहे थे और पीछे राहुल बैठा था। सासनी गेट क्षेत्र में रूसा हॉस्पिटल से आगे बढ़े, तभी पीछे से बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और घेरकर हथियारों के बल पर स्कूटी की डिग्गी में रखा जेवरात से भरा बैग निकलवाकर कब्जे में लिया। बदमाश बैग लेकर धमकाते और हथियार लहराते हुए वापस मडराक की ओर भाग गए।
कुछ ही देर में खबर पर सासनी गेट, मडराक पुलिस के अलावा एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह आदि पहुंच गए। पूछताछ, प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत व सीसीटीवी की मदद से बदमाशों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया। एक टीम को मडराक क्षेत्र के संपर्क मार्गों पर भी घेराबंदी के लिए लगाया गया। मगर सफलता नहीं मिली। मनोज ने पुलिस को बताया कि उसके बैग में दिन भर की खरीद बिक्री से बचे करीब ढाई लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात आदि सामान रखा था।
नौ साल में चौथी बार लुटे मनोज
घटनास्थल पर पुलिस से पूछताछ के दौरान मनोज व खबर पर पहुंचीं उनकी अधिवक्ता बहन मिथलेश वर्मा ने बताया कि यह उनके साथ चौथी बार लूट की घटना हुई है। पहली घटना 2012 में हुई थी। उस समय उनकी दुकान की तिजोरी लूटी गई थी। दूसरी बार एडीए कालोनी में घर लौटते समय उनसे थैला छीना गया था। तीसरी घटना फरवरी 2016 में इसी तरह मनोज घर लौट रहे थे तो उन्हें नगला मंदिर पर गोली मारकर लूटा गया था। उस समय उनके दो गोली लगी थीं।
-सासनी गेट क्षेत्र में सराफ ने लूट की सूचना दी है। जिस बैग को लुटना बताया गया है उसमें दो से ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात, दुकान की चाभी व अन्य जरूरी सामान बताया गया है। बदमाशों को तलाशा जा रहा है। सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।-कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी