मतदाता सूचियों के लिए एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। एसडीएम ने 17 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के एक माह के वेतन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है।
विज्ञापन
तहसील सभागार में आयोजित बैठक में एसडीएम शिशिर कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा दिए गए समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं। इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि 17 बीएलओ एवं सुपरवाइजर अब तक संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। ऐसे कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाना आवश्यक है ताकि कार्य में गंभीरता लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि शनिवार व रविवार को सभी बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करेंगे और मतदाताओं से फार्म लेकर उपलब्ध कराएंगे, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया समय से पूरी हो सके। साथ ही जनता से भी सहयोग का अनुरोध किया। वहीं टप्पल सीडीपीओ कार्यालय के कार्यों की भी समीक्षा की गई है। वहां भी प्रगति अपेक्षित नहीं पाई गई, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ डीएम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।