गभाना क्षेत्र में नौ दिन पहले मीट से लदा ट्रक लूटने के मामले में पुलिस ने सात लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन फरार हो गए हैं। पकड़े गए बदमाशों से लूटे गए माल की बिक्री के साढ़े तीन लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। लूटा गया ट्रक व अवैध असलाह भी मिले हैं।
एसपी सिटी डॉ. ब्रजेश सिंह ने इस सिलसिले में शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 30 दिसंबर 2015 की रात को मथुरा रोड बाईपास तालसपुर स्थित मीट फैक्ट्री कोको टेक प्राइवेट लिमिटेड से एक ट्रक मीट लादकर मेरठ के लिए चला था। ट्रक को इकबाल निवासी असोड़ा ,हापुड़ चला रहा था। गभाना के गांव चूहरपुर के पास 10 बदमाशों ने एक मैक्स पिकअप, एक जाइलो कार का प्रयोग कर ट्रक लूट लिया।
घटना की रिपोर्ट कंपनी के मैनेजर रामकुमार शर्मा ने दर्ज कराई। सात जनवरी की रात्रि 10 बजे पुलिस को यह सूचना मिली कि बदमाश माल देकर मेरठ जाने वाले हैं। इस पर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस दल की गांव पैराई के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सात बदमाशों को दबोच लिया। तीन बदमाश मौके से भाग गए।
पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम बब्बू निवासी कोरह रुस्तमपुर गभाना, इमरान, हाकिम, माजिद निवासीगण मकदूम नगर, कफील निवासी मकदूम नगर पीपल वाली गली, सुशील निवासी चौमुहां गभाना, दीन मोहम्मद निवासी शाहजमाल रोरावर थाना देहली गेट बताए। इनके पास से लूटा गए ट्रक के अलावा लूट में प्रयुक्त जाइलो कार व मैक्स पिकअप गाड़ी मिली है। इनसे अवैध असलाह भी मिले हैं।
बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस पार्टी में थाना प्रभारी गभाना मो. असलम, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह तेवतिया, संजय कुमार आर्य, गोपाल सिंह, सिपाही अजीत सिंह, श्रीओम, नरेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, नितिन, विश्वेंद्र, अभय कुमार, पंकज चौधरी शामिल थे।