जागरूकता रैली में शामिल लोग। संवाद
प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या कम करने के उद्देश्य से 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। 16 नवंबर को अलीगढ़ के संभागीय परिवहन कार्यालय में इसका उद्घाटन हुआ। शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा ने दीप प्रज्वलन कर इस पखवाड़े का शुभारंभ किया।
उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) दिनेश कुमार ने बताया कि ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल फोन का उपयोग दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक कुमार शाह ने यातायात नियमों के पालन करने की अपील की। ट्रैक्स सोसायटी ऑफ एनजीओ के एडवाइजर अरुण श्रीवास्तव ने बीआईएस मानकों के हेलमेट पहनने पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में लगभग 300 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।