मंगलवार की दोपहर पिलखना-अकराबाद मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला युवक अपनी पत्नी को मायके जाने के लिए बस में बिठाकर घर लौट रहा था। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कस्बा कौड़ियागंज निवासी बबलू पुत्र भूरा खान अपनी पत्नी निशा बेगम को मायके अलीगंज जाने के लिए बस में बिठाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। वहीं कस्बा पिलखना निवासी जुबैर पुत्र साबुद्दीन पिलखना चौराहे की ओर से बाइक से अपने घर जा रहे थे। पिलखना चौराहे पर ईंट भट्ठे के पास दोनों की बाइक में सामने से टक्कर हो गई। जबर्दस्त टक्कर से दोनों बाइक के परखचे उड़ गए।
हादसे में 25 वर्षीय बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही राहगीरों के साथ आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर घायल के परिवार वालों समेत पुलिस पहुंच गई। जुबैर को परिवार वाले अस्पताल ले गए।