केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को देखकर कल्याण सिंह के पुत्र एवं एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक गए। अमित शाह ने राजू भैया को गले लगाकर सांत्वना दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी राजू भैया एवं परिजनों को सांत्वना दी।
सोमवार को अतरौली स्थित लोकनिर्माण विभाग के अतिथि भवन में राम मंदिर आंदोलन के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को जनता दर्शन के लिए रखा गया था। उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीमा सुरक्षा बल के हेलीकाप्टर से अतिथि भवन के सामने बने हैलीपैड पर उतरे। जब वह अतिथि भवन में पहुंचे तो राजू भैया भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। गृहमंत्री अमित शाह ने राजू भैया को गले लगा लिया और पीठ थपथपा कर सांत्वना दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजू भैया को पास बुलाकर सांत्वना दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी एस चौरसिया, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित अन्य नेताओं ने राजू भैया एवं उनके परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।