आशीष निगम/आशीष श्रीवास्तव, अलीगढ़।
अलीगढ़-पलवल हाईवे पर लोधा थाने के ठीक सामने वाली सड़क पर मूसेपुर गांव में बनने जा रहे स्व. राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण चरणबद्ध होगा। पहले चरण में प्रशासनिक भवन, अकादमी भवन, पुस्तकालय, छात्र और छात्राओं का छात्रावास बनेगा। इसके साथ कुलपति, कुल सचिव एवं उप कुल सचिव के कार्यालय और आवास बनेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास के साथ पुलिस चौकी एवं विद्युत सब स्टेशन का भी निर्माण होगा। इसकी विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। अब शासन से निर्माण का बजट आने का इंतजार हो रहा है। पहली किस्त में 100 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य का पहला चरण पूरा होगा।
अलीगढ़ में राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग लंबे समय से हो रही है। अलीगढ़ जिले में लगभग 35 हजार छात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा में इसका लाभ प्राप्त होगा। उनको अपनी पढ़ाई, परिणाम या अन्य किसी के काम के लिए आगरा विवि के चक्कर नहीं काटने होंगे। छात्र संगठनों एवं स्थानीय नेताओं के संघर्ष और प्रशासनिक अधिकारियों की गहरी दिलचस्पी से इसके निर्माण की मांग शासन तक पहुंची। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एलान के लगभग एक साल बाद बाद ये सौगात जल्द ही सकार रूप में होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे में इसका शिलान्यास हो सकता है।
पीडब्लूडी निर्माण खंड एक की देखरेख में विश्वविद्यालय की इमारत बनेगी। एक्सईएन जयगोपाल पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय की इमारत एवं अन्य सुविधाओं को मिलाकर सबसे पहले 839 करोड़ का प्रस्तावित बजट भेजा गया था, जिस पर शासन ने एक साथ के बजाय चरणबद्ध निर्माण का निर्देश दिया। इसके बाद 21 सितंबर 2020 को 345 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव भेजा गया। इसके विश्लेषण के बाद नवंबर में 223 करोड़ का तीसरा प्रस्ताव दिया गया। अब शासन ने इस धनराशि को भी दो किस्तों में बांट कर देने की बात कही है। पहली किस्त के रूप में 100 करोड़ रुपया आएगा।
इनका होगा निर्माण
प्रशासनिक भवन, अकादमी भवन, पुस्तकालय, फैकल्टी सेंटर, कैंटीन, हेल्थ सेंटर, पुलिस चौकी, विद्युत सबस्टेशन, महिला छात्रावास (ट्रेनिंग), महिला छात्रावास (साधारण), पुरुष छात्रावास (ट्रेनिंग), पुरुष छात्रावास (साधारण), शापिंग कांप्लेक्स, गेस्ट हाउस, स्वीमिंग पूल, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कुलपति आवास, रजिस्ट्रार व सब रजिस्ट्रार के आवास, प्रशासनिक अधिकारी व अन्य वरिष्ठ अफसरों के आवास, तकनीकी अधिकारियों के आवास, बाबू व अन्य तृतीय श्रेणी कर्मियों के आवास बनेंगे।
पहले चरण में निर्माण
- प्रशासनिक भवन, अकादमी भवन, लाइब्रेरी ब्लाक, गर्ल्स हास्टल, कुलपति आवास, रजिस्ट्रार व सब रजिस्ट्रार के आवास, प्रशासनिक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के आवास, तकनीकी अधिकारियों के आवास, तृतीय श्रेणी कर्मियों के आवास, चतुर्थ श्रेणी कर्मी आवास, पुलिस चौकी व पावर स्टेशन।
यहां होगा यह निर्माण
- नदरोई रोड पर 0.62 एकड़ भूमि के टुकड़े में पुलिस चौकी एवं विद्युत सब स्टेशन
- नदरोई माइनर के पास 22 एकड़ के दूसरे प्लाट में प्रशासनिक और अकादमी भवन
- नदरोई गांव से पहले 20 एकड़ में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स व अन्य निर्माण
- गांव मूसेपुर जलाल में छोटी माइनर के पास 63.07 एकड़ में आवास, गर्ल्स हास्टल व स्वीमिंग पूल
कंसल्टेंट एजेंसी रखेगी नजर
एक्सईएन जयगोपाल पांडेय ने बताया कि निर्माण के लिये टेंडर, ठेकेदार की नियुक्ति के साथ निर्माण के थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के लिये कंसल्टेंट एजेंसी शासन स्तर से तय हो रही है ताकि हरेक निर्माण कार्य दक्षता और गुणवत्ता के साथ पूरा हो। हरियाली, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सौर ऊर्जा का विशेष प्रबंध किया जाएगा।
पहले 100 करोड़ की डीपीआर पर काम कराएंगे। प्रशासनिक भवन, कक्षाएं, फैसिलिटी सेंटर, परीक्षा भवन, छात्राओं के लिए आवास तैयार कराएंगे। इसके बाद धीरे धीरे दूसरे चरण में कार्य करेंगे। - लेफ्टिनेंट कर्नल अश्वनी कुमार मिश्रा, रजिस्ट्रार।