स्मार्ट मीटर लगाने और विद्युत विभाग के निजीकरण के विरोध में सोमवार को गांव पहाड़ीपुर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाकियू के पूर्व जिला महासचिव चौधरी नवाब सिंह ने कहा निजी लाभ के लिए प्रदेश सरकार बिजली विभाग का निजीकरण करने का प्रयास कर जनता को लालटेन युग की ओर ढकेल रही है।
कहा कि विद्युत नियामक आयोग का साफ आदेश है उपभोक्ता की सहमति से ही स्मार्ट मीटर लगाया जा सकता है, लेकिन जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यह उपभोक्ता के गले में फंदा डालने के समान है। चेताया कि किसी भी गांव में स्मार्ट मीटर लगाने वाले कर्मचारियों और उपभोक्ताओं में झगड़ा होता है तो विभाग और मीटर लगाने वाली संस्था के अधिकारी ही इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।
भाकियू नेता ने कहा कि स्मार्ट मीटर किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी से संगठित होकर विरोध करने का आह्वान किया। बाबू सिंह, रिंकू सिंह, खजान सिंह, दुर्वेश कुमार, महेंद्र सिंह, पप्पू शर्मा, रामखिलाड़ी सिंह, तेज सिंह आदि मौजूद रहे।