यूक्रेन में फंसे एमबीबीएस के विद्यार्थियों की सुरक्षित भारत वापसी को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को फेल बताया। बृहस्पतिवार को ‘मेक पीस नॉट वॉर’ का बैनर लेकर विदेशी भाषा विभाग के सामने छात्र इकट्ठा हुए। यहीं से जुलूस की शक्ल में वह बाब-ए सैयद पर पहुंचे। छात्र फरहान ने बताया कि यूक्रेन की सीमा पर हजारों विद्यार्थी फंसे हैं, लेकिन भारत सरकार उन्हें वापस लाने में सुस्ती बरत रही है। उन्होंने कर्नाटक के छात्र नवीन का शव लाने के लिए भारत सरकार से अपील की।
छात्र नेता जानिब हसन ने बताया कि यूक्रेन में जो फंसे हैं, उन्हें जल्द से जल्द वापस बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यूक्रेन से विद्यार्थियों को वापस लाने में नाकाम रही है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। सरकार ने सही समय पर ठोस कदम नहीं उठाया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सभाएं कर रहे हैं। छात्रों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम सुधीर कुमार को सौंपा। एसीएम प्रथम ने बताया कि अलीगढ़ के 27 विद्यार्थियों को यूक्रेन से भारत लाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।