सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों यूनाइटेड, ओरियंटल, नेशनल व न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनियों का निजीकरण की तैयारी शुरू करने के विरोध में इन चारों कंपनियों के कर्मियों ने अपने अपने कार्यालय में तालाबंदी कर हड़ताल की। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
यूनाइटेड इंडिया के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक हरिओम वर्मा ने कहा कि सरकार दिग्भ्रमित हो गई है। सरकार इन कंपनियों को बेचकर अपने वित्तीय घाटे को पूरा करना चाहती है। उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो हड़ताल भी करेंगे। सरकार के इस कदम से न केवल जनहित की योजनाएं अधूरी रह जाएंगी, बल्कि कर्मचारी आरक्षण भी प्रभावित होगा। इस मौके पर राजू पाल, एमसी जोशी, कपिल अग्रवाल, वीरेश, एके बड़ेजा, हेमंत नागर, हेमलता, आरपी शर्मा आदि उपस्थित थे।