अपर नगर मजिस्ट्रेट अंजुम बी को ज्ञापन देते कांग्रेसी नेता आगा यूनुस व अन्य
- फोटो : CITY OFFICE
जेएन मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले मेडिकल रोड से बनाए गए डिवाइडर को हटाने और सड़क चौड़ी करने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेसियों ने मेडिकल रोड पर ही प्रदर्शन किया।
इस संबंध में नगर निगम को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए एक ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट अंजुम बी को सौंपा। कांग्रेस नेता इंजीनियर आगा यूनुस के नेतृत्व में सभी कांग्रेसी और स्थानीय लोग सबसे पहले मेडिकल कॉलेज के बाहर जकरिया मार्केट के पास इकट्ठा हुए। यहां से हाथों में बैनर और तख्ती लेकर दोदपुर की ओर चल दिए। कांग्रेसी नारे लगा रहे थे यह कैसा स्मार्ट सिटी है, मेडिकल रोड बदहाल पड़ी है। डिवाइडर हटाओ, मेडिकल रोड को चौड़ा कराओ।
इंजीनियर आगा यूनुस ने कहा कि मेडिकल रोड की चौड़ाई पहले से ही बहुत कम है। इसके बाद भी नगर निगम ने यहां पर जबरदस्ती डिवाइडर का निर्माण कर दिया। जिससे यह सड़क गली बन कर रह गई । यहां से प्रतिदिन सैकड़ों एंबुलेंस गुजरती हैं। उनमें मरीज होते हैं और यह एंबुलेंस अक्सर यहां जाम में फंस जाती हैं। अच्छा तो यह होता है कि सड़क को चौड़ा कराया जाता, जिससे कि यहां यातायात सुगम हो सके। मौके पर अपर नगर मजिस्ट्रेट अंजुम बी ने पहुंचकर कांग्रेसियों से ज्ञापन लिया और भरोसा दिलाया उनकी मांग तक पहुंचा दी जाएगी। इस अवसर पर डॉ. नाहीद अख्तर, जरीना खान, मुन्ना नकवी, मोहम्मद नदीम, नीरज सिंह, मोहम्मद आसिफ, राजू, कुमेल अली, कृपाल, मोहम्मद रजा, अजहर अली, तनजीम हैदर, सुशील, राजकुमार आदि मौजूद रहे।