23 फरवरी की सुबह करीब नौ बजे जीटी रोड पर गांव खेड़ा नारायन सिंह के पास अज्ञात वाहन एक बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में बाइक चला रहे युवक सहित पीछे बैठी उसके छोटे भाई की गर्भवती पत्नी की मौत हो गई। पुलिस से मिली सूचना पर रोते हुए परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे।
कासगंज शहर के मोहल्ला अशोक नगर निवासी रवि कुमार (30) पुत्र हेतराम अपने छोटे भाई राहुल की गभर्वती पत्नी अंजली (25) को बाइक पर लेकर दिल्ली से अपने घर कासगंज लौट रहे थे। 23 फरवरी की सुबह करीब नौ बजे जीटी रोड पर गांव खेड़ा नारायन सिंह के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन उनकी बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। इससे दोनों दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को हादसे की जानकारी देने के साथ ही दोनों को एंबुलेंस से उपचार जिला अस्पताल भेजा। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने अंजली और रवि कुमार को मृतक घोषित कर दिया।
दो बच्चों से छिना पिता का साया
परिजन के अनुसार रवि कुमार दिल्ली में इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। वह अपने पीछे पत्नी संगीता और दो बच्चों मानवी और मानव को रोता छोड़ गए हैं। अंजली आठ माह की गर्भवती थी। हादसे में अंजली के गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद परिजन दोनों के शव अपने घर ले गए हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।